बलरामपुर. उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने बलरामपुर जिले से 29 वर्षीय शहरोज अहमद को गिरफ्तार किया है. एटीएस का आरोप है कि वह सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के लिए कथित रूप से काम करने वाले एजेंट के संपर्क में आया था. एजेंसी के अनुसार, आरोपी को देश विरोधी गतिविधियों और संभावित आतंकी साजिश के लिए उकसाया जा रहा था. गिरफ्तार आरोपी की पहचान गैसड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम जमधरा निवासी शहरोज अहमद के रूप में हुई है.
इसे भी पढ़ें- ‘पेपर लीक में भाजपाई शामिल!’ अखिलेश यादव के बड़े आरोप, बोले- सरकार युवाओं को नौकरी नहीं देना चाहती
एटीएस का दावा- पाकिस्तानी नेटवर्क से जुड़े लोगों के संपर्क में था आरोपी
एटीएस के अनुसार, शहरोज अहमद कथित तौर पर पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आबिद जट्ट से जुड़े नेटवर्क के संपर्क में था. जांच एजेंसी का कहना है कि यह नेटवर्क भारतीय युवाओं को आर्थिक लाभ का लालच देकर देश विरोधी गतिविधियों के लिए तैयार करने का प्रयास करता है. पूछताछ में सामने आया कि अक्टूबर 2025 में फेसबुक के जरिए उसकी बातचीत कथित एजेंट जसवीर चौधरी से शुरू हुई, जो बाद में व्हाट्सएप, मैसेंजर और सिग्नल जैसे एन्क्रिप्टेड प्लेटफॉर्म तक पहुंच गई.
राजस्थान से हथियार लेने और आतंकी घटना की साजिश के आरोप
एटीएस का आरोप है कि जसवीर चौधरी ने शहरोज को राजस्थान के श्रीगंगानगर जाकर हथियार और विस्फोटक सामग्री लेने के निर्देश दिए थे. एजेंसी के मुताबिक, इसके लिए आरोपी के बैंक खाते में 5,000 रुपये भी भेजे गए. बताया गया कि शहरोज मुंबई में रह रहा था और हाल ही में अपने गांव लौटा था. एटीएस का दावा है कि वह श्रीगंगानगर जाने की तैयारी कर रहा था.
इसे भी पढ़ें-यूपी में अगले 48 घंटे पड़ सकते हैं बेहद भारी ! बारिश का रेड अलर्ट जैसा असर, 18 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से मिले डिजिटल साक्ष्य, जांच जारी
एटीएस ने बताया कि आरोपी के मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच में कई डिजिटल साक्ष्य मिले हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच की जा रही है. एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि इस कथित नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हो सकते हैं तथा आरोपी की गतिविधियां कितने समय से चल रही थीं. मामले में विधिक कार्रवाई जारी है.


