प्रमोद निर्मल, मोहला-मानपुर। जिले के चिल्हाटी थाना क्षेत्र स्थित मोंगरा बैराज में एक ग्रामीण का टुकड़ों में बंटा कंकाल मिला है। जिस ग्रामीण का यह कंकाल है, वह महाराष्ट्र निवासी बताया जा रहा है, जो पिछले साल सितंबर माह में शिवनाथ नदी की बाढ़ में बह गया था। चिल्हाटी थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर संजय मेरावी ने आज 16 मई को उक्त आशय की पुष्टि करते हुए जानकारी दी कि उक्त कंकाल को बरामद कर जांच के लिए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

मछली पकड़ने के दौरान लोगों ने देखा कंकाल
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, अंबागढ़ चौकी विकासखंड अंतर्गत ग्राम मोंगरा स्थित बांध के उलट क्षेत्र में मछली पकड़ने गए ग्रामीणों ने उक्त नर कंकाल को देखा और इसकी सूचना ग्राम पटेल व अन्य लोगों को दी। इसके बाद ग्राम पटेल, गांव के कोटवार व अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कंकाल को देखा तथा इसकी सूचना चिल्हाटी थाने में दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। यहां मोंगरा बांध के कैचमेंट एरिया में कमर से घुटने तक का हिस्सा पेड़ की जड़ में फंसा मिला, जबकि सिर एवं अन्य हिस्से कुछ दूरी पर बिखरे पड़े थे। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर पड़े उक्त नर कंकाल को बरामद कर थाने लाया तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कर कंकाल को मेडिकल कॉलेज भेजा।
मामले की विवेचना के क्रम में चिल्हाटी पुलिस ने थाने में मौजूद गुम इंसान सूची के आधार पर मोहला-मानपुर जिले से लगे महाराष्ट्र के टेकाबदर गांव में संपर्क किया और वहां से गुम हुए एक व्यक्ति के परिजनों को सूचना देकर थाने बुलवाया। सूचना पर महाराष्ट्र के टेकाबदर गांव निवासी शालिक राम यादव चिल्हाटी थाने पहुंचे और कंकाल की शिनाख्त की। उन्होंने कंकाल के साथ मिले हाफ पैंट और लाल रंग की बनियान के आधार पर कंकाल की पहचान अपने 60 वर्षीय पिता सदाराम यादव के रूप में की, जो 25 सितंबर 2025 को गांव के पास शिवनाथ नदी की ओर घर से निकले थे। उसी दिन हुई तेज बारिश के दौरान वे लापता हो गए थे।
कंकाल को जांच के लिए भेजा गया राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज
इस आधार पर पुलिस और परिजन आशंका जता रहे हैं कि सदाराम यादव तेज बारिश के दौरान शिवनाथ नदी में बह गए और बहते हुए शिवनाथ नदी पर बने मोंगरा बांध तक पहुंच गए। शिनाख्त के बाद कंकाल को जांच के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है और पुलिस मामले की आवश्यक जांच में जुटी हुई है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

