पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों ने अलग गुट बनाने का ऐलान कर दिया है. उसके बाद से तो महुआ मोइत्रा का गुस्सा सातवें आसमान पर देखने को मिल रहा है. महुआ मोइत्रा ने टीएमसी के बागी सांसदों पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने इस्तीफा देकर भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले बागियों को स्वार्थी और गद्दार कहा है. महुआ मोइत्रा ने कहा कि बागी सांसद 2024 में टीएमसी के जनादेश पर जीते थे न कि NDA के लिए टिकट मिला था.

तृणमूल कांग्रेस के भीतर बढ़ती अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई है. TMC के लगभग 20 सांसदों ने स्पीकर को NDA समर्थन की चिट्ठी लिखी है.

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी के हाथों करारी हार के बाद ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस बिखरती हुई नजर आ रही है. TMC के 60 विधायकों ने पहले ही बागी तेवर दिखाते हुए अलग गुट बनाने का फैसला कर लिया था. विधायकों का बागी होनेवाला संक्रमण अब सांसदों तक पहुंच गया है, जिसके बाद सांसदों ने भी बगावती रूप अपना लिया है.

सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने आज सोमवार को दावा किया कि TMC के लगभग 20 सांसदों ने NDA में शामिल होने की इच्छा जताई है और इसके लिए सभी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र सौंपा है. TMC सांसद काकोली घोष दस्तीदार, व्हिप के पद से हटाए जाने के बाद पार्टी से नाराज थीं.

वहीं, TMC के बागी शर्मिला सरकार ने कहा कि हम 20 सांसद का एक अलग ग्रुप बना रहे हैं और एनडीए को सपोर्ट करने जा रहे हैं.

TMC के बागी सांसदों का गुट केंद्रीय मंत्री और पश्चिम बंगाल भाजपा के चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव के मोतीलाल नेहरू मार्ग स्थित आवास पर जुटा था. इस बैठक में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी भी शामिल हुए.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m