मैनपुरी. उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में जमीन के विवाद को लेकर रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. यहां पांच बीघा जमीन अपने नाम कराने के दबाव में एक भतीजे ने अपनी विधवा चाची की गोली मारकर हत्या कर दी. शनिवार तड़के हुई इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.

घटना घिरोर थाना क्षेत्र के गांव जोगराजपुर की है. मृतका की पहचान 45 वर्षीय नीलम देवी के रूप में हुई है. नीलम देवी निसंतान थीं और करीब दो साल पहले उनके पति राकेश कुमार की मौत हो चुकी थी. पति की मौत के बाद वह गांव में बने अपने मकान में अकेली रहती थीं और पति के नाम दर्ज पांच बीघा जमीन पर खेती कर अपना जीवन चला रही थीं.

इसे भी पढ़ें- ‘कल कटना था केक, आज उठी अर्थी…’ कानपुर में मोबाइल लूट के बाद मासूम ने उठाया ऐसा खौफनाक कदम

जमीन हथियाने के लिए चाची पर बना रहा था दबाव

पुलिस के अनुसार नीलम देवी के जेठ पूरन दयाल का बेटा नवीन उर्फ पिंकी काफी समय से पांच बीघा जमीन अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था. बताया जा रहा है कि जमीन नाम न करने पर वह आए दिन नीलम देवी को परेशान करता था और जान से मारने की धमकी भी दे चुका था. परिवार के अनुसार नीलम देवी अपनी जमीन किसी के नाम करने के लिए तैयार नहीं थीं. इसी बात को लेकर आरोपी भतीजे के मन में नाराजगी बढ़ती गई और उसने खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया.

सुबह चारपाई पर मिला खून से सना शव

शुक्रवार रात नीलम देवी ने खाना खाने के बाद घर के बरामदे में चारपाई लगाकर सो गई थीं. शनिवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे आरोपी नवीन घर में घुस आया और सो रही चाची के गले में तमंचे से गोली मार दी. गोली लगने से नीलम देवी की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. सुबह करीब 10 बजे तक जब नीलम देवी घर से बाहर नहीं आईं तो आसपास के लोगों को शक हुआ. परिजनों ने अंदर जाकर देखा तो चारपाई पर उनका शव खून से लथपथ पड़ा था। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई.

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत, आरोपी की तलाश शुरू

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. घिरोर थाना प्रभारी अनुज चौहान पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. फॉरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए और नमूने एकत्र किए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी नवीन उर्फ पिंकी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए टीमें लगाई गई हैं.

इसे भी पढ़ें- UP में मछली पालन से कमाई: PMMSY योजना के लिए आवेदन शुरू, 24 अगस्त तक मौका

जमीन विवाद में उजड़ा परिवार, गांव में तनाव

नीलम देवी की हत्या के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि जमीन के लालच में एक भतीजे ने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि हत्या में इस्तेमाल तमंचा कहां से आया. अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना से जुड़े सभी पहलुओं का खुलासा हो सकेगा.