अजय सैनी, भिवानी। चौधरी बंसीलाल नागरिक अस्पताल की जर्जर इमारत एक बार फिर सवालों के घेरे में है। अस्पताल के वार्ड नंबर-8 में गुरुवार को छत का मलबा गिरने से एक मरीज के तीमारदार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल जितेंद्र, जो पीपली वाली जोहड़ी का निवासी है, अपनी बेटी का इलाज कराने अस्पताल आया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वार्ड में मौजूद जितेंद्र के सिर पर अचानक छत का लेंटर टूटकर गिर गया। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई और 8 से 10 टांके लगाने पड़े। उसे तत्काल अस्पताल के आपात विभाग में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
परिजनों ने बताया कि जितेंद्र मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है और वही घर का एकमात्र कमाने वाला सदस्य है। उन्होंने प्रशासन से आर्थिक सहायता देने और अस्पताल की जर्जर इमारत की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।

वहीं, अस्पताल के पीएमओ डॉ. बलवान ने बताया कि वर्ष 2022 में भवन की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन यह इमारत पहले से ही असुरक्षित श्रेणी में है। घटना के बाद सीएमओ ने मौके का निरीक्षण किया और जर्जर हिस्से की जांच व आवश्यक कार्रवाई के लिए एक समिति गठित कर दी है। साथ ही उच्च अधिकारियों को भवन की मरम्मत के लिए पत्र भी भेजा गया है।
इस हादसे ने अस्पताल की भवन सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते भवन की मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में इससे भी बड़ा हादसा हो सकता है।

