० बल्लभगढ़ में बंद दुकान के बाहर खड़े थे दोनों युवक, मलबे में दबने से गई जान; पुलिस जांच में जुटी

फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। शहर थाना क्षेत्र में एक बंद दुकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। छज्जे के नीचे खड़े दो युवक मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों ने दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।

दुकान के बाहर खड़े थे दोनों युवक

पुलिस के अनुसार, चावला कॉलोनी हाईवे पर सोहना टी-पॉइंट के पास अहिरवाड़ा निवासी राहुल की चाय, पेप्सी और अन्य सामान की दुकान है। दुकान पिछले तीन दिनों से बंद थी। बुधवार सुबह करीब 10 बजे दो युवक दुकान के बाहर बने छज्जे के नीचे खड़े थे।इसी दौरान अचानक पुराना छज्जा भरभराकर गिर पड़ा और दोनों युवक उसके नीचे दब गए।

स्थानीय लोगों ने चलाया राहत कार्य

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मलबा हटाकर दोनों युवकों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। हालांकि डॉक्टरों ने इलाज के दौरान दोनों को मृत घोषित कर दिया।

बिहार के रहने वाले थे दोनों मृतक

मृतकों की पहचान अमरजीत और संतोष के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से बिहार के निवासी थे और बल्लभगढ़ के जीवन नगर क्षेत्र में किराये पर रहकर काम करते थे।

बारिश और जर्जर छज्जा बना हादसे की वजह

प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि लगातार बारिश और दुकान के पुराने व जर्जर छज्जे के कारण यह हादसा हुआ। शहर थाना प्रभारी उमेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।यह हादसा एक बार फिर पुराने और जर्जर भवनों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।