रामकुमार यादव, सरगुजा। उचित मूल्य की दुकानों के शासकीय (पीडीएस) चावल की कालाबाजारी की सूचना पर जिला प्रशासन और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने अरुण ट्रेडर्स में छापेमार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान परिसर में खड़े एक ट्रक से 130 बोरी पीडीएस चावल बरामद किए गए।

बताया जा रहा है कि प्रशासनिक अमले के पहुंचते ही अरुण ट्रेडर्स का संचालक गोदाम में ताला लगाकर मौके से फरार हो गया। अधिकारियों को आशंका है कि गोदाम के भीतर भी बड़ी मात्रा में शासकीय पीडीएस चावल रखा हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने दुकान और गोदाम दोनों को तत्काल सील कर दिया है। अब गोदाम का निरीक्षण कर वहां मौजूद खाद्यान्न का सत्यापन किया जाएगा और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के अनुसार, अरुण ट्रेडर्स के संचालक के खिलाफ इससे पहले भी पीडीएस चावल की हेराफेरी के मामले में एफआईआर दर्ज हो चुकी है। ऐसे में इस बार की कार्रवाई को प्रशासन बड़ी कार्रवाई के रूप में देख रहा है। फिलहाल जिला प्रशासन और खाद्य विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा है। जांच के बाद बरामद चावल के स्रोत, उसकी मात्रा और कालाबाजारी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m