त्योहारों के दौरान आम लोगों को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण मिठाइयां एवं खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए दिल्ली सरकार ने खाद्य सुरक्षा के मोर्चे पर अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग बाजारों और खाद्य पदार्थों से जुड़े प्रतिष्ठानों की नियमित निगरानी के साथ-साथ औचक निरीक्षण और नमूना जांच की कार्रवाई को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने खाद्य सुरक्षा विभाग को नियमित निगरानी के साथ औचक निरीक्षण करने और खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी जांच कराने की प्रक्रिया लगातार जारी रखने को कहा है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार का संकल्प है कि त्योहारों के उल्लास के बीच प्रत्येक नागरिक के स्वास्थ्य और सुरक्षा की रक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि दिल्लीवासियों को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए खाद्य सुरक्षा विभाग को नियमित निगरानी के साथ औचक निरीक्षण और नमूना जांच की कार्रवाई प्रभावी ढंग से जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निहाल विहार में 13 परिसरों का निरीक्षण

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने शनिवार को निहाल विहार में बिना लाइसेंस संचालित रसगुल्ला निर्माण इकाइयों, अन्य मिठाई निर्माताओं और मिठाई की दुकानों सहित कुल 13 परिसरों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के निर्माण, रखरखाव और साफ-सफाई से जुड़ी स्थितियों की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान 402 किलोग्राम खाद्य सामग्री नष्ट की गई। विभागीय टीमों ने प्रयोगशाला जांच के लिए खाद्य पदार्थों के 14 नमूने भी लिए। इनमें छेना के छह, मिल्क केक और रसगुल्ले के दो-दो तथा मोतीचूर के लड्डू, आटे के लड्डू, रसभरी और पनीर के एक-एक नमूने शामिल हैं। इन नमूनों की जांच से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के अनुपालन का आकलन किया जाएगा।

मोरी गेट खोया मंडी में 520 किलो खराब खोया-छेना नष्ट

त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग ने मोरी गेट स्थित खोया मंडी में भी विशेष अभियान चलाया। इस दौरान लगभग 370 किलोग्राम खोया और 150 किलोग्राम छेना नष्ट किया गया। विभाग के अनुसार, यह खाद्य सामग्री लावारिस हालत में मिली थी और खराब होने के साथ उसमें दुर्गंध भी आ रही थी। टीम ने मौके से प्रयोगशाला जांच के लिए खोया के तीन नमूने भी लिए। विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य खराब और असुरक्षित खाद्य सामग्री को लोगों तक पहुंचने से रोकना है।

खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई

निहाल विहार में 402 किलोग्राम और मोरी गेट खोया मंडी में 520 किलोग्राम खाद्य सामग्री नष्ट किए जाने के साथ कुल 922 किलोग्राम सामग्री पर कार्रवाई की गई। त्योहारों के दौरान मिठाइयों की बढ़ती मांग को देखते हुए विभाग खाद्य कारोबारियों की गतिविधियों पर नजर रख रहा है।

खाद्य सुरक्षा कानून के तहत होगी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, संबंधित खाद्य कारोबार संचालकों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा लागू नियमों और विनियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई निरीक्षण के निष्कर्षों और जहां लागू हो, प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान निरीक्षण, नमूने लेने और प्रवर्तन संबंधी कार्रवाई जारी रहेगी। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले खाद्य पदार्थों के निर्माण, आपूर्ति और बिक्री पर रोक लगाने के लिए नियमानुसार कदम उठाए जाएंगे।

महाराष्ट्र में FDA का बड़ा अभियान, ₹12.74 करोड़ के खाद्य पदार्थ जब्त

दूसरी ओर, महाराष्ट्र में नवरात्रि और आगामी दिवाली के मद्देनजर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान मिलावटी, घटिया और नियमों का उल्लंघन करने वाले खाद्य पदार्थ जब्त किए गए, जिनकी कीमत ₹12.74 करोड़ बताई गई है। अभियान के दौरान अस्वच्छ परिस्थितियों और खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के चलते 68 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस या पंजीकरण निलंबित किए गए। इसके अलावा प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला और फ्लेवर्ड तंबाकू से जुड़े मामलों में 22 प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गईं और 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। महाराष्ट्र में यह अभियान FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे के मार्गदर्शन में चलाया गया। इसका उद्देश्य त्योहारों के दौरान नागरिकों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करना है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m