० एमआईएस पोर्टल पर किए गए ब्लॉक, नियमों का पालन नहीं करने वाले स्कूलों पर आगे और सख्त कार्रवाई की तैयारी
हरियाणा डेस्क। हरियाणा सरकार ने निजी स्कूलों में नियमों की अनदेखी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्यभर के 1107 स्कूलों को एमआईएस (MIS) पोर्टल पर ब्लॉक कर दिया है। इसके साथ ही इन स्कूलों में नए विद्यार्थियों के प्रवेश पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। मुख्यमंत्री नायब सैनी के निर्देशों के बाद शिक्षा विभाग ने यह कदम उठाया है।
शिक्षा विभाग के अनुसार, यह कार्रवाई उन निजी स्कूलों के खिलाफ की गई है, जिन्होंने मान्यता संबंधी नियमों का पालन नहीं किया या निर्धारित मानकों को पूरा नहीं किया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जल्द ही इन स्कूलों का फिजिकल वेरिफिकेशन भी कराया जाएगा। यदि जांच में गंभीर अनियमितताएं सामने आती हैं, तो संबंधित स्कूलों की मान्यता रद्द करने या उन्हें बंद करने जैसी कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
तीन श्रेणियों के स्कूल कार्रवाई की जद में
विभागीय आंकड़ों के मुताबिक कुल 1107 स्कूलों पर अलग-अलग कारणों से कार्रवाई की गई है।
0 693 स्कूल ऐसे हैं, जिनकी मान्यता अंतिम रूप से स्वीकृत नहीं हो सकी।
0 269 स्कूलों के आवेदन जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों ने खारिज कर दिए।
0 145 स्कूल ऐसे पाए गए, जिन्हें अस्थायी मान्यता विस्तार नहीं मिला, इसके बावजूद वे संचालित हो रहे थे।
इन सभी स्कूलों को एमआईएस पोर्टल पर ब्लॉक कर नए दाखिलों पर रोक लगा दी गई है।
इन जिलों में सबसे ज्यादा कार्रवाई
जिलावार आंकड़ों में कैथल सबसे ऊपर है, जहां 162 निजी स्कूलों पर कार्रवाई की गई। इसके बाद:
गुरुग्राम – 99
हिसार – 98
पानीपत – 92
भिवानी – 76
फरीदाबाद – 70
जींद – 67
रोहतक – 63
करनाल – 57
यमुनानगर – 51
सोनीपत – 45
महेंद्रगढ़ – 33
अंबाला – 30
झज्जर – 28
चरखी दादरी – 23
कुरुक्षेत्र – 22
सिरसा – 20
रेवाड़ी – 16
पलवल – 16
नूंह – 15
पंचकूला – 11
फतेहाबाद – 10
शिक्षा विभाग का कहना है कि यह अभियान निजी स्कूलों में पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। आने वाले दिनों में नियमों का उल्लंघन करने वाले अन्य संस्थानों पर भी कार्रवाई जारी रहेगी।

