चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलने के लिए पार्टी ने बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश प्रभारी संजय दत्त अब चंडीगढ़ मुख्यालय तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि सीधे जिलों में जाकर कार्यकर्ताओं, नेताओं और चुनाव हार चुके उम्मीदवारों से संवाद करेंगे। 19 जुलाई से उनके पांच दिवसीय दौरे की शुरुआत होगी, जिसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह भी साथ रहेंगे।

पिछले पांच दिनों तक चंडीगढ़ में प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं, सांसदों, विधायकों, जिला अध्यक्षों और चुनाव लड़ चुके नेताओं के साथ मंथन करने के बाद अब कांग्रेस नेतृत्व ने संगठन की वास्तविक स्थिति को जमीनी स्तर पर परखने का फैसला किया है। संजय दत्त हर जिले का दौरा कर पार्टी की स्थिति का आकलन करेंगे और उसकी रिपोर्ट सीधे कांग्रेस हाईकमान को सौंपेंगे।

हर विधानसभा में दो-दो घंटे की बैठक

कांग्रेस का यह दौरा केवल औपचारिक बैठकों तक सीमित नहीं रहेगा। संबंधित जिले की प्रत्येक विधानसभा में अलग-अलग बैठकें होंगी और हर विधानसभा के लिए दो घंटे का समय निर्धारित किया गया है। संजय दत्त इन जिलों में रात्रि विश्राम भी करेंगे, ताकि कार्यकर्ताओं से खुलकर संवाद हो सके और संगठन की वास्तविक तस्वीर सामने आ सके।

यह रहेगा पहले चरण का कार्यक्रम
19 जुलाई: पंचकूला और यमुनानगर
20 जुलाई: यमुनानगर और अंबाला
21 जुलाई: अंबाला और कुरुक्षेत्र
22 जुलाई: कुरुक्षेत्र और करनाल
23 जुलाई: करनाल

कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, संजय दत्त की सोच साफ है कि हर कार्यकर्ता चंडीगढ़ या दिल्ली नहीं पहुंच सकता। इसलिए पार्टी नेतृत्व स्वयं कार्यकर्ताओं के बीच जाकर उनकी राय, सुझाव और शिकायतें सुनेगा। संगठनात्मक रूप से हरियाणा के सभी 32 जिलों का दौरा पूरा होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट कांग्रेस हाईकमान को सौंपी जाएगी।