० सोशल मीडिया पर नशे में होने का दावा, स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप; मामले की जांच की तैयारी

रेवाड़ी। हरियाणा के रेवाड़ी जिला नागरिक अस्पताल से स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। अस्पताल के डायलिसिस सेंटर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें मरीजों के उपचार के दौरान एक कर्मचारी कुर्सियां जोड़कर सोता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।

रेवाड़ी के जिला नागरिक अस्पताल स्थित डायलिसिस सेंटर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में डायलिसिस मशीनों पर उपचार ले रहे मरीजों के बीच एक कर्मचारी कुर्सियां जोड़कर सोता दिखाई दे रहा है, जिससे अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

वीडियो बनाने वाले व्यक्ति ने दावा किया है कि संबंधित कर्मचारी नशे की हालत में था। हालांकि, अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। साथ ही यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वायरल वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया था।

PPP मॉडल पर संचालित होता है डायलिसिस सेंटर

जानकारी के अनुसार, जिला नागरिक अस्पताल की पुरानी इमारत की पहली मंजिल पर स्थित डायलिसिस सेंटर का संचालन पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत एक निजी कंपनी द्वारा किया जाता है। मरीजों के उपचार और कर्मचारियों की जिम्मेदारी कंपनी की होती है, जबकि इसकी निगरानी जिला स्वास्थ्य विभाग करता है।

स्वास्थ्य मंत्री के दौरे के बाद सामने आया मामला

गौरतलब है कि स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव दो दिन पहले ही रेवाड़ी दौरे पर आई थीं। इस दौरान उन्होंने 30 आधुनिक एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाई थी और जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने का भरोसा दिया था। साथ ही जिला नागरिक अस्पताल को 200 से 300 बिस्तरों वाले आधुनिक अस्पताल के रूप में विकसित करने की योजना पर भी चर्चा की थी।

जांच के बाद होगी कार्रवाई

डायलिसिस सेंटर से सामने आए इस कथित लापरवाही के वीडियो ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हलचल तेज हो गई है। अब मामले की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वीडियो में दिख रहा कर्मचारी ड्यूटी के दौरान सो रहा था या नहीं, और उसके खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी।