मनेंद्र पटेल, दुर्ग। साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए 26 म्यूल बैंक खाताधारकों पर दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ये सभी साइबर ठगी में फर्स्ट लेयर के म्यूल बैंक खाते हैं। प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी की राशि बैंक खातों में लेकर अन्य खातों में ट्रांसफर करने और निकासी किए जाने के साक्ष्य पुलिस को मिले हैं, जिनके आधार पर यह गिरफ्तारी की गई है। वहीं इन खातों से लेन-देन करने वाले मास्टरमाइंड की तलाश कर रही है।

दुर्ग पुलिस को पुलिस मुख्यालय के सायबर विभाग से इन सभी खातों में अवैध ट्रांजेक्शन की जानकारी मिली। इसके बाद भिलाई नगर क्षेत्र में संचालित पंजाब नेशनल बैंक के ऐसे 28 खातों की जांच की गई, जिनका उपयोग साइबर ठगी से संबंधित विभिन्न शिकायतों में किया गया था।

जांच के दौरान यह भी पाया गया कि संदिग्ध बैंक खातों में साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि सीधे जमा हुई, जिससे ये खाते लेयर-1 की श्रेणी में पाए गए। इन खातों में साल 2024 से 2026 के बीच कई पीड़ितों से सायबर फ्रॉड कर पैसे डाले गए और दूसरे खातों में ट्रांसफर कर पैसे निकाले गए थे। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि खाताधारकों ने अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, चेकबुक, पासबुक, मोबाइल सिम एवं इंटरनेट बैंकिंग सुविधाएं साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराई थी, जिसके बदले उन्हें हर माह कुछ पैसे दिए जा रहे थे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m