० झज्जर में महावीर गुर्जर, मौजूदा पार्षद टिंकी गुर्जर और नरेश वाल्मीकि भाजपा में शामिल, कांग्रेस नेतृत्व पर लगाए अनदेखी के आरोप
हरियाणा डेस्क। हरियाणा की राजनीति में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। झज्जर में दो बार के पूर्व पार्षद महावीर गुर्जर, उनके परिवार और कई स्थानीय नेताओं ने कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया। इस घटनाक्रम को आगामी राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ ने सभी नेताओं को पार्टी का पटका पहनाकर भाजपा की सदस्यता दिलाई। भाजपा में शामिल होने वालों में दो बार के पूर्व पार्षद महावीर गुर्जर, उनके छोटे भाई रोशन गुर्जर, महावीर के पुत्र एवं मौजूदा पार्षद टिंकी गुर्जर तथा पार्षद नरेश उर्फ आलू वाल्मीकि शामिल हैं।
महावीर गुर्जर ने कांग्रेस नेतृत्व पर लगाए गंभीर आरोप
भाजपा में शामिल होने के बाद महावीर गुर्जर ने कांग्रेस नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि झज्जर की विधायक गीता भुक्कल और रोहतक से सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा लगातार जमीनी कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर रहे हैं। उनका आरोप है कि कांग्रेस में कार्यकर्ताओं की बात नहीं सुनी जाती और पार्टी पूरी तरह गुटबाजी की राजनीति का शिकार हो चुकी है।
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ ने किया स्वागत
वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ ने पार्टी में शामिल हुए नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा गरीब, किसान, मजदूर, युवा और समाज के हर वर्ग की पार्टी है। उन्होंने कहा कि संगठन में हर कार्यकर्ता को सम्मान और उसकी मेहनत का उचित मूल्य मिलता है।
धनखड़ ने विश्वास जताया कि इन नेताओं के भाजपा में शामिल होने से झज्जर जिले में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा पार्टी को आगामी चुनावों में इसका लाभ मिलेगा।

