राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्यप्रदेश के शुजालपुर कालापीपल के कमालपुर में बड़ा हादसा हो गया। यहां डबरी में डूबने से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई है। इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मिला शव
जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने कमालपुर गांव के पास स्थित डबरी के किनारे लावारिस हालत में जूते और चप्पल पड़े देखे थे। काफी देर तक जब वहां कोई नजर नहीं आया, तो अनहोनी की आशंका के चलते ग्रामीणों ने तत्काल कालापीपल पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही कालापीपल पुलिस की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय तैराकों और ग्रामीणों की मदद से डबरी के गहरे पानी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद डबरी से दो युवकों के शव बरामद किए।
दोनों मृतक युवक कमालपुर निवासी
पुलिस ने शवों को पानी से बाहर निकालकर उनकी पहचान की। मृतकों की शिनाख्त गांव के ही दो युवाओं के रूप में हुई है। मृतक सुनील, पिता रमेश अहिरवार, अक्कू, पिता रामराज रजक दोनों निवासी कमालपुर थे। पुलिस ने पंचनामा बनाकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है कि युवक डबरी में किस वजह से उतरे थे। एक साथ दो चिराग बुझने से कमालपुर गांव में सन्नाटा पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

