Delhi Protest: दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके और अन्य नेताओं को हिरासत में लिए जाने के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में युवाओं को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों का शांतिपूर्ण तरीके से इस्तेमाल करने से रोका जा रहा है। ममता ने इस स्थिति को ‘अघोषित आपातकाल’ करार दिया।
CJP नेताओं की हिरासत पर ममता बनर्जी का हमला
ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि अभिजीत दीपके को भारतीय राष्ट्रीय ध्वज थामने के कारण हिरासत में लिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर स्वतंत्र भारत में युवाओं को शांतिपूर्ण विरोध करने के लिए हिरासत में क्यों लिया जा रहा है।
TMC प्रमुख ने आरोप लगाया कि असहमति से डरने वाली सरकार युवाओं की आवाज दबाने और उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश कर रही है। उनके मुताबिक, यह रवैया लोकतांत्रिक मूल्यों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
‘युवाओं की आवाज दबा नहीं सकती सरकार’
ममता बनर्जी ने CJP नेताओं अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को देश के युवाओं के साहस, विवेक और आकांक्षाओं का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि किसी की आवाज दबाकर पूरी पीढ़ी को चुप नहीं कराया जा सकता।
उन्होंने युवाओं को समर्थन देते हुए कहा कि वह उनके साथ मजबूती से खड़ी हैं। ममता ने जोर दिया कि धमकी, हिरासत या सत्ता का कथित दुरुपयोग लोकतंत्र की भावना को खत्म नहीं कर सकता। उन्होंने लोकतंत्र, आजादी और असहमति जताने के अधिकार के लिए संघर्ष जारी रखने का आह्वान भी किया।
CJP के समर्थन में विपक्ष, पुलिस कार्रवाई पर सवाल
CJP के विरोध प्रदर्शन को INDIA गठबंधन के कई नेताओं का समर्थन मिलने की बात सामने आई है। विपक्षी नेताओं ने दिल्ली में मेट्रो सेवाओं और अन्य पाबंदियों को लेकर पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।
कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में तिरंगा लहराने से रोकने की कथित कार्रवाई की भी आलोचना की गई है। इस घटनाक्रम ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन, नागरिक स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर राजनीतिक बहस तेज कर दी है। अब देखना होगा कि CJP के आंदोलन और विपक्ष के विरोध पर केंद्र सरकार की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

