बलवंत भट्ट, मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। शामगढ़ तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जमुनिया में एक पागल कुत्ता आतंक का पर्याय बन गया। गांव में अचानक एक पागल कुत्ता आक्रामक हो गया और वहां खेल रहे 5 मासूम बच्चों पर जानलेवा हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्चों को कई जगह काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने बमुश्किल बच्चों को कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया।

ये भी पढ़ें: धार में पुलिस को बड़ी सफलता: 9 साल की लापता बच्ची को किया सकुशल बरामद, परिजनों को सौंपा

शामगढ़ सिविल अस्पताल में प्राथमिक इलाज, 2 बच्चों की हालत गंभीर

घटना के तुरंत बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से सभी घायल बच्चों को उपचार के लिए शामगढ़ के सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, दो बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मंदसौर जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।

ये भी पढ़ें: 4 महीने बीते, न मार्कशीट मिली न नौकरी! नर्सिंग कॉलेज के खिलाफ छात्राओं ने जलाईं ज्ञापन की प्रतियां, लगाया दुर्व्यवहार का आरोप

अस्पताल पहुंचे तहसीलदार और प्रशासनिक अफसर

घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार सहित स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी तुरंत स्थिति का जायजा लेने शामगढ़ सिविल अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायल बच्चों के परिजनों से मुलाकात की और डॉक्टरों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए। इस भयानक हादसे के बाद से ग्राम जमुनिया में दहशत और खौफ का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा और पागल कुत्तों को पकड़वाने की सख्त मांग की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m