झारसुगुड़ा। ओडिशा के झारसुगुड़ा शहर में चोरों ने एक प्रमुख आभूषण दुकान को निशाना बनाते हुए करीब 1 करोड़ रुपये के सोने के गहने पार कर दिए। चोर दुकान की दीवार और छत काटकर अंदर दाखिल हुए और वारदात के बाद सीसीटीवी फुटेज के अहम सबूत मिटाने के लिए डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (DVR) भी अपने साथ ले गए।
घटना शुक्रवार देर रात शहर की मुख्य सड़क पर पुराने बस स्टैंड के पास मंगसापुरिया इलाके में हुई। चोरी की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। झारसुगुड़ा के पुलिस अधीक्षक (SP) और स्थानीय थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
बगल की दुकान से बनाया रास्ता
पुलिस के मुताबिक, चोर सीधे ज्वेलरी शॉप में दाखिल नहीं हुए। उन्होंने पहले दुकान से सटी सड़क किनारे की एक अन्य दुकान में प्रवेश किया। इसके बाद कटर मशीन की मदद से दोनों दुकानों के बीच जुड़ी दीवार और छत के हिस्से को काट दिया।
दीवार और छत में रास्ता बनाने के बाद चोर ज्वेलरी शॉप की पहली मंजिल तक पहुंचे। यहां से वे ग्राउंड फ्लोर पर उतरे और दुकान में रखे बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण समेट लिए।
चोरी किए गए आभूषणों का सटीक वजन और कुल कीमत अभी तय नहीं हो पाई है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इनकी कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस और दुकान संचालक की ओर से चोरी गए सामान का मिलान और आकलन किया जा रहा है।
जाते समय DVR भी साथ ले गए
वारदात को अंजाम देने के बाद चोर दुकान में लगा डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (DVR) भी अपने साथ ले गए। माना जा रहा है कि ऐसा CCTV फुटेज और अपनी पहचान से जुड़े सबूतों को मिटाने के इरादे से किया गया।
चोरी का तरीका देखकर पुलिस को आशंका है कि वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों ने पहले से दुकान की स्थिति और आसपास के इलाके की रेकी की होगी। हालांकि गिरोह की पहचान और चोरी की पूरी योजना को लेकर पुलिस की जांच जारी है।
CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही SP के साथ स्थानीय थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने ज्वेलरी शॉप और आसपास के इलाके का निरीक्षण किया। चोर किस रास्ते से दुकान तक पहुंचे और वारदात के बाद किस दिशा में भागे, इसका पता लगाने के लिए आसपास के इलाकों की जांच की जा रही है।
पुलिस आसपास के प्रतिष्ठानों और सड़क पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि दूसरे कैमरों से चोरों की गतिविधियों या उनके भागने के रास्ते से जुड़ा कोई महत्वपूर्ण सुराग मिल सकता है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है। चोरी गए आभूषणों की वास्तविक कीमत और मात्रा का आकलन पूरा होने के बाद नुकसान की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



