अनुज कुमार पाण्डेय, गोपालगंज। जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां भोरे थाना क्षेत्र के जगतौली ओपी अंतर्गत विश्रामपुर गांव में आज सोमवार को एक नवविवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान विश्रामपुर गांव निवासी उमेश यादव की पत्नी प्रतिमा कुमारी के रूप में हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया है।
तीन महीने पहले हुई थी शादी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विश्रामपुर गांव निवासी राजेंद्र यादव के पुत्र उमेश यादव का विवाह 5 मई 2026 को उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के भटवलिया गोसाई टोला निवासी रमाशंकर यादव की पुत्री प्रतिमा कुमारी के साथ हुआ था। यह उमेश की दूसरी शादी थी। ग्रामीणों के मुताबिक, उसकी पहली पत्नी की मौत भी संदिग्ध परिस्थितियों में जलने के कारण हुई थी, जिसके बाद उसने प्रतिमा से विवाह किया था।
मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का गंभीर आरोप
सोमवार सुबह जैसे ही घटना की खबर मृतका के मायके पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका के भाई उपेंद्र यादव ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का सीधा आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि शादी के कुछ ही समय बाद से पति, सास और ननद मिलकर प्रतिमा को दहेज के लिए तंग करते थे। सोमवार को तीनों ने मिलकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। मृतका के गले पर काले निशान पाए गए हैं, जिससे दम घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका मजबूत होती है।
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य, जांच में जुटी पुलिस
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस के साथ-साथ फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और मृतका के गले के निशानों का गहन आकलन किया।
वहीं, इस मामले में जगतौली के ओपी प्रभारी आलोक कुमार ने बताया कि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी पति उमेश यादव को हिरासत में ले लिया है। परिजनों के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है तथा सास और ननद की भूमिका की भी जांच की जा रही है। ओपी प्रभारी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
ये भी पढ़ें- वीडियो कॉल पर पति का झूलता शव देख पत्नी ने भी लगाई फांसी, 8 महीने पहले धूमधाम से हुई थी शादी


