लखनऊ. बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने संत गुरु रविदास मंदिर और गुरघरों से जुड़े मुद्दों को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है. मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर समाज से राजनीतिक दलों की गतिविधियों को लेकर सतर्क रहने की अपील की है.

मायावती ने दिल्ली के तुगलकाबाद स्थित संत रविदास मंदिर, पंजाब के बेगमपुरा और धलेता गांव से जुड़े मामलों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि चुनावी समय में कुछ राजनीतिक दल संत रविदास के नाम का इस्तेमाल कर समाज को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं.

इसे भी पढ़ें- कांवड़ यात्रा पर CM योगी की ‘पाती’: आस्था के साथ सेवा और अनुशासन का संदेश, एंबुलेंस को रास्ता देने की अपील

तुगलकाबाद मंदिर गिराने का उठाया मुद्दा

बसपा प्रमुख ने कहा कि 10 अगस्त 2019 को दिल्ली के तुगलकाबाद में संत गुरु रविदास जी के पवित्र गुरघर को बुलडोजर और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में ढहा दिया गया था. उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई के विरोध में देशभर में श्रद्धालु लोकतांत्रिक तरीके से सड़कों पर उतरे थे, लेकिन उन्हें लाठीचार्ज, आंसू गैस, गिरफ्तारी और मुकदमों का सामना करना पड़ा. मायावती ने दावा किया कि इस घटना ने करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत किया. उन्होंने कहा कि गुरघर की भूमि भी वापस नहीं मिली और आज भी संगत को अस्थायी टीन शेड में पूजा-अर्चना करनी पड़ रही है.

पंजाब चुनाव को लेकर भाजपा पर लगाया आरोप

मायावती ने आरोप लगाया कि पंजाब विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही भाजपा संत गुरु रविदास के नाम पर कलश यात्रा निकाल रही है. उन्होंने कहा कि समाज को संत रविदास के बेगमपुरा के विचारों से भटकाने का प्रयास किया जा रहा है. बसपा अध्यक्ष ने पंजाब के धलेता गांव में गुरु रविदास से जुड़े निर्माण को लेकर हुए विवाद का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि जब संगत और बसपा ने आवाज उठाई तो गिरफ्तारियां की गईं. हालांकि, बाद में सरकार को पुनर्निर्माण कराना पड़ा.

AAP और BJP दोनों को लेकर किया सतर्क

मायावती ने अपने पोस्ट में भाजपा के साथ आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि समाज को दोनों दलों की राजनीति से सतर्क रहने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि संत रविदास का संदेश सम्मान, समानता और न्याय पर आधारित था. राजनीतिक दलों को उनके विचारों को आगे बढ़ाने के बजाय केवल चुनावी लाभ के लिए इस्तेमाल नहीं करना चाहिए.

इसे भी पढ़ें- यूपी के 75 जिलों में बारिश का अलर्ट, नदियां उफान पर; घाटों से गांवों तक पानी का कब्जा

‘सम्मान यात्रा’ के जरिए संदेश पहुंचाने की अपील

मायावती ने बताया कि ‘पराधीनता का अंत एवं बेगमपुरा का संकल्प संतगुरु श्री रविदास जी सम्मान यात्रा’ तुगलकाबाद से धलेता गांव तक पहुंच रही है. उन्होंने समाज से इस यात्रा में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि इसके माध्यम से संत रविदास के आदर्शों, समानता, न्याय और सम्मान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा. बसपा प्रमुख ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य गुरु घरों की गरिमा, धार्मिक अधिकारों और संत रविदास के सपनों के अनुरूप समानता आधारित समाज के निर्माण के संकल्प को मजबूत करना है.