लखनऊ. उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की बुजुर्ग मां की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है. बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने इस घटना को लेकर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं.
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए घटना पर दुख जताते हुए कहा कि जब एक पुलिस अधिकारी का परिवार भी ऐसी जघन्य घटना का शिकार हो सकता है तो आम जनता की सुरक्षा को लेकर चिंता होना स्वाभाविक है. उन्होंने राज्य सरकार से मामले का संज्ञान लेकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें- यूपी में फिर आफत की बारिश! 500 घर डूबे, 46 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मायावती बोलीं- आमजन की सुरक्षा पर उठ रहे सवाल
बसपा प्रमुख मायावती ने एक्स पर लिखा कि अंबेडकरनगर जिले में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की लगभग 94 वर्षीय बुजुर्ग मां की हत्या बेहद दुखद और प्रदेश की कानून व्यवस्था के लिहाज से चिंताजनक है. उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं के बाद लोगों के मन में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि जब पुलिस अधिकारी का परिवार सुरक्षित नहीं है तो आम नागरिकों की सुरक्षा का क्या होगा. मायावती ने सरकार से अपील की कि घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच में तेजी लाई जाए और जो भी दोषी हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए.
घर में अकेली रहती थीं आईपीएस की मां
जानकारी के अनुसार, यूपी पुलिस में पुलिस अधीक्षक मुख्यालय के पद पर तैनात आईपीएस आशुतोष मिश्रा की मां इंद्रावती देवी अंबेडकरनगर जिले के मालीपुर थाना क्षेत्र के रूढ़ा धमरूआ गांव स्थित अपने घर में रहती थीं. रविवार दोपहर उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की जानकारी सामने आई. बताया जा रहा है कि घर में उनका शव मिला, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया. परिजनों के मुताबिक, मृतका के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं और उनके मुंह से खून निकल रहा था। घर से कुछ जेवर गायब होने की बात भी सामने आई है. इसके बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई.
चोरी के बाद हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
बताया जा रहा है कि घटना की सूचना आईपीएस आशुतोष मिश्रा को उनके चाचा सचिंद्र मिश्रा ने फोन के जरिए दी. प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि घर में घुसे बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हत्या के पीछे चोरी का मामला है या कोई अन्य वजह. घटना की गंभीरता को देखते हुए अयोध्या रेंज के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. फोरेंसिक टीम और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
इसे भी पढ़ें- ‘शोले’ के टंकी सीन से लेकर ड्रामा स्कूल तक… राजभर ने अखिलेश को क्यों घेरा?
राजनीतिक बयानबाजी तेज
आईपीएस अधिकारी की मां की हत्या के मामले के बाद विपक्ष ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया है. मायावती ने कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हुए सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की है. वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है. जल्द ही घटना से जुड़े तथ्यों का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है.


