लखनऊ. उत्तर प्रदेश में अब रंगों की राजनीति शुरू हो गई है. पिछले दिनों अखिलेश ने सपा छात्रसभा के ड्रेस का रंग नीला कर दिया. इसे लेकर अब बसपा सुप्रीमो मायावती ने सपा समेत विपक्ष पर निशाना साधा है. मायावती ने सपा-कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि सिर्फ नीला रंग अपनाने से उनकी सोच नहीं बदल सकती. उन्होंने PDA को भी निशाने पर लेते हुए बसपा को बहुजन समाज की असली हितैषी बताया.

मायावती ने एक्स पर लिखा कि सपा, कांग्रेस और अन्य विरोधी पार्टियों के नेताओं व कार्यकर्ताओं द्वारा बीएसपी का शुरु से ही चला आ रहा नीला रंग अब यह इनके गले का गमछा और कपड़े पहनने से तथा स्टेज आदि में भी नीला कपड़ा इस्तेमाल करने से इनकी सर्वसमाज में से खासकर गरीबों, दलितों, आदिवासियों, पिछड़े और अन्य उपेक्षित वर्गों के प्रति वर्षों से चली आ रही इनकी जातिवादी, संकीर्ण, सामन्तवादी और पूंजीवादी सोच नहीं बदल सकती है तथा ना ही ये लोग दिल से अम्बेडकरवादी होने एवं कहलाने वाले हैं. इसीलिये ’बहुजन समाज’ के वास्तविक हित व कल्याण के प्रति पहले वे अपना दिल व दिमाग़ तो पाक-साफ करें.

इसे भी पढ़ें : सहारनपुर मस्जिद ध्वस्तीकरण मामले में आज होगी सुनवाई, वर्शिप एक्ट को दरकिनार करने का आरोप

मायावती ने आगे कहा कि ‘वैसे भी ‘ये लोग इन वर्गों के मामले में आए दिन गिरगिट की तरह ही रंग बदलते रहते हैं अर्थात् ये कहते कुछ हैं और करते उसके ठीक विपरीत हैं. खासकर इनके सपा के PDA के मामले में तो इनकी सोच, चाल, चरित्र व चेहरा आदि हमेशा दोगला व बईमान ही रहा है, जिसके अनेकों उदाहरण हैं, ये सभी जानते हैं. इसलिए इन वर्गों की एकमात्र हितैषी व अम्बेडकरवादी पार्टी केवल बीएसपी ही है, जो सर्वविदित है.’

बसपा सुप्रीमो ने कहा कि यहां यह भी उल्लेखनीय है कि अन्य पार्टियों की तरह बीएसपी के जो भी लोग पार्टी में अनुशासनहीनता आदि के कारण समय-समय पर निष्कासित कर दिये जाते हैं तो वे अधिकतर इन्हीं सब कारणों से अब तक कई पार्टी बदल चुके हैं, जो किसी से छिपा नहीं है. इसी से ही अंदाजा लगा लेना चाहिए कि ये लोग पूरे स्वार्थी व अवसरवादी हैं और वे किसी भी पार्टी के हित में नहीं हो सकते हैं. इतना ही नहीं बल्कि जिनको पार्टी से निकाल दिया जाता है तो उनमें से कुछ लोग दूसरी पार्टियों के हाथों में खेलकर छोटी-छोटी पार्टियां व संगठन आदि भी बना लेते हैं, जिनसे ’बहुजन समाज’ का सामूहिक हित नहीं हो सकता है. हालांकि ऐसी पार्टियां बिना किसी गठबन्धन के भी चुनाव नहीं लड़ सकती हैं तथा किसी भी पार्टी की सरकार बनने पर सरकार में शामिल हुए बिना भी नहीं रह सकती हैं, जो पार्टी से निकाले हुए लोगों को अक्सर अपनी पार्टी में लेने की बात करते हैं या उन्हें पार्टी बनाने की भी सलाह देते हैं, तो वे पहले अपने गिरेबान में भी झांककर जरूर देख लें.

इसे भी पढ़ें : UP में देर रात दौड़ी तबादला एक्सप्रेस, 5 IAS अफसरों को किया गया इधर से उधर, आकांक्षा राणा बनीं विशेष सचिव

बहनजी ने कहा कि खासकर कांग्रेस पार्टी, जिन निकाले हुए लोगों को अपनी पार्टी में लेने की बात कर रही है, तो ऐसी पार्टी में जो डूबते जहाज की तरह है, उसमें भला कौन शामिल होकर अपने भविष्य को अंधकार में डालेगा, जबकि खासकर इस पार्टी से दूरी बनाने के लिए बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने अपने जीते-जी बहुजन समाज के लोगों को अगाह (चेताया) भी किया था. इसलिए यह सब वर्तमान हालात में, पार्टी व मूवमेन्ट के हित में बीएसपी के लोगों को जानना व समझना भी बहुत जरूरी है तो यह उचित होगा.

यहां यह भी बताना बहुत जरूरी है कि जिस दिन बीएसपी ने अशोक सिद्धार्थ को राजनीति से संन्यास लेने की सलाह दी थी तो उस दिन इन्होंने इनके उपर काफी दबाव पड़ने के बावजूद भी अपने संन्यास लेने की घोषणा तब तत्काल नहीं की थी. क्योंकि उस दिन यह पूरी रातभर इसे रुकवाने के लिए किस्म-किस्म के हथकण्डे इस्तेमाल करते रहे जिसमें कामयाबी नहीं मिलने पर, फिर मजबूरी में, अगले दिन यह सोच कर इनको लगभग प्रातः 6ः30 बजे अपने संन्यास की काफी किन्तु-परन्तु वाली घोषणा करनी पड़ी है, कि कहीं ज्यादा देरी होने पर और भी बड़ा नुकसान ना हो जाए, जिसके बारे में सही समय आने पर पार्टी के लोगों को और भी बहुत कुछ जरूर बताया जाएगा.