मेरठ. मेरठ के परतापुर इलाके में शनिवार (12 सितंबर 2026) सुबह अविका होटल में अचानक भीषण आग लग गई. आग होटल की पार्किंग से शुरू हुई और कुछ ही देर में पूरे परिसर में फैल गई. देखते ही देखते 12 कमरे और उनमें रखा सामान जलकर खाक हो गया. आग की लपटें पास स्थित इंडियन बैंक तक भी पहुंचने लगीं, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई. हालांकि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई.

इसे भी पढ़ें- सपा के खाते में केवल…27 चुनाव को लेकर ओपी राजभर का करारा तंज, गोरखपुर और वाराणसी मंडल को लेकर किया चौंकाने वाला दावा

पार्किंग से शुरू हुई आग होटल तक पहुंची

दिल्ली रोड स्थित अविका होटल की पार्किंग में सुबह करीब 11:30 बजे आग लगी. शुरुआत में आग सोफों और पार्किंग में खड़ी गाड़ियों तक पहुंची. वहां खड़ी ईऑन और ब्रेजा कार भी जल गईं. इसके बाद आग तेजी से फैलते हुए पार्टी हॉल और पहली मंजिल तक पहुंच गई.

12 कमरों का सामान जलकर राख

आग ने होटल के 12 कमरों को अपनी चपेट में ले लिया. होटल में रखा फर्नीचर और अन्य लग्जरी सामान भी जल गया. धुआं और लपटें देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया. होटल के पास मौजूद इंडियन बैंक की ओर भी आग बढ़ने लगी, जिसे दमकलकर्मियों ने रोक दिया.

दमकल की कई गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकलकर्मियों ने अलग-अलग हिस्सों से आग बुझाने का काम शुरू किया. करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका. शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग की वजह बताया जा रहा है.

इसे भी पढ़ें- कानपुर: शुरू होते ही ठप पड़ी लोक अदालत! अधिवक्ताओं के जोरदार हंगामे से कोर्ट परिसर में मची अफरा-तफरी

होटल में नहीं था कोई ग्राहक

होटल गार्ड रतन पाल सिंह के मुताबिक, आग लगने के समय होटल में मालिक और कर्मचारी मौजूद थे. उन्होंने आग बुझाने की कोशिश की, जिसमें उनके हाथ झुलस गए. पुलिस के मुताबिक, होटल में मौजूद सभी लोगों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया. एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि पूरे होटल की जांच की गई और कोई व्यक्ति अंदर फंसा नहीं मिला. होटल प्रबंधन ने करीब पौने दो करोड़ रुपये के नुकसान का दावा किया है.