लखनऊ. मंत्री ओमप्रकाश राजभर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव पर लगातार हमलावर हैं. एक बार फिर ओपी राजभर ने करारा हमला बोला है. उन्होंने कहा है कि जनता सपा के कार्यकाल में हुए काले कारनामों को भूल नहीं पाई है. जिसका जवाब जनता 2027 में सपा को देगी. साथ ही गोरखपुर और वाराणसी मंडल में आगामी चुनाव को लेकर चौंकाने वाला दावा किया है. साथ ही यह भी कहा कि केवल बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप से कोई सरकार नहीं बनती.
इसे भी पढ़ें- ये तानाशाही नहीं तो और क्या! विनोद कुमार साहनी के परिवार से मिलने जा रहे अजय राय को पुलिस ने किया गिरफ्तार, कांग्रेस ने साधा निशाना
अंबेडकरनगर में एक सीट उपचुनाव में गंवाने का जिक्र करते हुए मंत्री ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जिले की बाकी चारों सीटों पर भी सपा को हार का सामना करना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि जनता का रुख सपा के खिलाफ है और चुनाव में इसका परिणाम दिखाई देगा. ओमप्रकाश राजभर ने गोरखपुर मंडल को लेकर भी बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा कि गोरखपुर मंडल में सपा को 29 सीटों पर हार का सामना करना पड़ेगा. वहीं वाराणसी मंडल की 28 सीटों में से सपा के खाते में केवल 4 सीटें आने की बात कही.
सपा के शासनकाल पर हमला बोलते हुए कहा कि एटा, इटावा, कन्नौज और मैनपुरी जैसे जिलों के लोग आज भी उस दौर को याद करते हैं. उनके मुताबिक, लोग बताते हैं कि रात के समय घरों से भैंसें खोलकर ले जाने की घटनाएं होती थीं और शाम छह बजे के बाद लूटपाट को लेकर लोगों में डर का माहौल रहता था.
इसे भी पढ़ें- अब दिल्ली बनाम लखनऊ से… बनारस की गलियों में जलमग्न की स्थिति में जद्दोजहद करते दिखे विदेशी पर्यटक, VIDEO शेयर कर अखिलेश यादव ने कसा तंज
राजभर ने यह भी दावा किया कि उस दौरान एक ब्राह्मण परिवार को अपनी संपत्ति तक बेचने के लिए मजबूर होना पड़ा था. हालांकि, उन्होंने इस दावे के समर्थन में किसी विशेष मामले या व्यक्ति का नाम नहीं बताया. मंत्री ने कहा कि चुनाव केवल भाषणों और बयानों से नहीं जीते जाते. जनता सरकार के कामकाज और अपने अनुभव के आधार पर फैसला करती है. उन्होंने दावा किया कि 2027 में प्रदेश की जनता सपा को उसके पिछले कार्यकाल का हिसाब देगी और पार्टी को कई सीटों पर हार का सामना करना पड़ेगा.



