मेरठ. उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. टीपीनगर थाना क्षेत्र की नई बस्ती में एक दिव्यांग युवक को कथित तौर पर काम दिलाने का झांसा देकर बुलाया गया, जहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई. पीड़ित ने आरोप लगाया है कि उसके साथ यौन उत्पीड़न भी किया गया इतना ही नहीं, आरोपियों ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर उसकी बेबसी का मजाक उड़ाया.
काम का झांसा देकर बुलाया, फिर शुरू हुई हैवानियत
पीड़ित युवक का आरोप है कि उसे रोजगार दिलाने का भरोसा देकर बुलाया गया था. वहां पहुंचते ही कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया. आरोप है कि युवक के पेट पर ईंट रखकर उसे प्रताड़ित किया गया, कपड़े उतरवाए गए और उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया. पूरी घटना के दौरान आरोपियों ने वीडियो भी बनाया.
वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया. मेरठ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो, पीड़ित के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है.
यौन उत्पीड़न के आरोपों की भी जांच
पीड़ित ने अपने साथ यौन उत्पीड़न का भी आरोप लगाया है. पुलिस का कहना है कि मेडिकल जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी. यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित धाराएं भी मुकदमे में जोड़ी जाएंगी.
इसे भी पढ़ें– औरैया में डॉक्टर ने यमुना में लगाई छलांग, वीडियो में पुलिस और दबंगों पर गंभीर आरोप; मारपीट-जातीय भेदभाव के भी आरोप
दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
इस घटना ने एक बार फिर समाज को झकझोर दिया है. एक दिव्यांग युवक के साथ कथित रूप से हुई इस बर्बरता को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है. लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

