मेरठ. उत्तर प्रदेश के मेरठ में प्रेम प्रसंग से जुड़ी एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में एक शादीशुदा युवक ने कथित तौर पर अपनी गर्लफ्रेंड को बीच सड़क गोली मार दी. गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आरोपी घटना के बाद फरार हो गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

सहेली के साथ लौट रही थी युवती, रास्ते में रोकी बाइक

घटना गुरुवार रात करीब 11 बजे गणेशपुर चौकी के पास अंजुम पैलेस के सामने हुई. घायल युवती शाहीन (24) अपनी सहेली आयशा और उसके पति सरफराज के साथ बाइक से घर लौट रही थी. आरोप है कि तभी आरोपी कैफ उर्फ बल्लू ने बाइक रोक ली और चाबी निकालकर शाहीन से बहस करने लगा.

इसे भी पढ़ें- बहराइच में घड़ियाल ने 14 साल के बच्चे को बनाया निवाला! सैकड़ों लोग देखते रहे, रेस्क्यू टीम पर उठे गंभीर सवाल

‘मुझसे शादी करो, नहीं तो किसी और की भी नहीं होने दूंगा’

पीड़िता की सहेली आयशा के मुताबिक आरोपी काफी समय से शाहीन पर शादी का दबाव बना रहा था. उसने कथित तौर पर धमकी दी कि अगर शाहीन ने उससे शादी नहीं की तो वह उसकी शादी किसी और से भी नहीं होने देगा. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पहले मारपीट की और फिर फायरिंग कर दी. पहली गोली चूक गई, लेकिन दूसरी गोली शाहीन के कान के पास लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ी.

आरोपी पहले से शादीशुदा, पुलिस जांच में जुटी

खबर है कि आरोपी कैफ पहले से शादीशुदा है, लेकिन इसके बावजूद वह शाहीन पर लगातार शादी का दबाव बना रहा था. घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया. पुलिस ने घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.

इसे भी पढ़ें- अखिलेश जी! ‘पीट देगा अहिर’ ही आपका… राजभर का सपा सुप्रीमो पर हमला, अति पिछड़े और दलितों से चिढ़ने का आरोप लगाते हुए दिया बड़ा बयान

पुलिस बोली- प्रेम संबंध का मामला, जांच जारी

एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम संबंध से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है. साथ ही, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.