मेरठ. मवाना क्षेत्र के शिवपुरी कॉलोनी स्थित शिव शक्ति मंदिर में शुक्रवार (4 सितंबर 2026) को उस समय हंगामा हो गया, जब एक युवक-युवती शादी की रस्में निभा रहे थे. दोनों के तीसरा फेरा लेते ही युवती के परिजन अचानक मंदिर पहुंच गए और शादी का विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया. विवाद बढ़ने पर मंदिर में तोड़फोड़ का भी आरोप लगा. सूचना पर पहुंची पुलिस युवक और युवती को थाने ले गई.

इसे भी पढ़ें- गोरखपुर में बेटी को ‘मुर्गा’ बनाने पर भड़का पिता, स्कूल में घुसकर प्रिंसिपल को पीटा; शर्ट फाड़ी

तीसरा फेरा लेते ही मंदिर पहुंचा लड़की का परिवार

जानकारी के अनुसार, मोहल्ला तिहाई निवासी वासु ग्राम खड़ौली निवासी अंजलि के साथ शिव शक्ति मंदिर पहुंचा था. दोनों मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह की रस्में पूरी कर रहे थे. मंदिर के पंडित महेश शर्मा के मुताबिक, युवक-युवती ने बताया था कि दोनों पहले ही कोर्ट मैरिज कर चुके हैं. इसके बाद उन्होंने मंदिर में अन्य वैवाहिक रस्में पूरी कराने का अनुरोध किया था.

शादी का विरोध, हंगामे के बीच तोड़फोड़ का आरोप

विवाह की रस्मों के दौरान जब दोनों तीसरा फेरा ले रहे थे, तभी युवती के परिजन मंदिर पहुंच गए. उन्होंने शादी का विरोध किया और युवक-युवती से बातचीत को लेकर हंगामा शुरू कर दिया. देखते ही देखते दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ गई. आरोप है कि विवाद के दौरान मंदिर में रखा हवन कुंड और अन्य सामान क्षतिग्रस्त कर दिया गया.

पंडित ने डायल-112 पर दी सूचना

मंदिर परिसर में बढ़ते विवाद को देखते हुए पंडित महेश शर्मा ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया. इसके बाद युवक और युवती को मवाना थाने ले जाया गया. पुलिस की जांच में युवती के संबंध में एक अहम जानकारी सामने आई.

इसे भी पढ़ें- अखिलेश जी, कम से कम भगवान कृष्ण के तो… मंत्री OP राजभर का करारा हमला, जानिए ऐसा क्या बोल गए ?

1 सितंबर को दर्ज हुई थी गुमशुदगी

मवाना थाना प्रभारी ब्रह्म कुमार त्रिपाठी के अनुसार, शुरुआती जांच में पता चला कि युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट एक सितंबर को कंकरखेड़ा थाने में दर्ज कराई गई थी. मामला कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र से जुड़ा होने के कारण वहां की पुलिस को सूचना दी गई. बाद में कंकरखेड़ा पुलिस मवाना पहुंची और युवक-युवती को अपने साथ थाने ले गई. फिलहाल मामले की आगे की जांच की जा रही है.