दक्षिण दिल्ली के महरौली स्थित सैदुलाजाब इलाके में निर्माणाधीन इमारत ढहने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए भवन मालिक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं।

घटना के बाद राहत और बचाव अभियान पूरी रात जारी रहा। मलबे में अभी भी लोगों के फंसे होने की आशंका के चलते एनडीआरएफ समेत कई एजेंसियां मौके पर तैनात हैं और सर्च ऑपरेशन जारी है।

मुख्यमंत्री ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

दिल्ली की मुख्यमंत्री Rekha Gupta ने रविवार को घटनास्थल का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने उचित कार्रवाई का आदेश दिया। जिसके बाद प्रशासन ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए महरौली थाने में आपराधिक मामला दर्ज कराया है। साथ ही दक्षिण जिले के जिलाधिकारी की निगरानी में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं।

जर्जर और अवैध इमारतों पर सख्ती के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आसपास की खतरनाक और जर्जर इमारतों का सर्वेक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा, राजधानी में अवैध निर्माणों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने और लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने को कहा गया है।

मृतक और घायलों की पहचान

अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान 26 वर्षीय रवि के रूप में हुई है। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घायलों में साइका खान (27), आदित्य शर्मा (24), तरुण कुमार (26), अनुज दीक्षित (25), नीलम यादव (25), क्षितिज प्रताप (25), आस्था (25) और विशाल (24) शामिल हैं। सभी का इलाज एम्स ट्रॉमा सेंटर में जारी है।

शनिवार शाम अचानक ढही चार मंजिला इमारत

यह हादसा शनिवार शाम उस समय हुआ जब सैदुलाजाब इलाके में एक चार मंजिला निर्माणाधीन व्यावसायिक भवन अचानक भरभराकर गिर गया। इमारत का मलबा पास स्थित टीन शेड कैंटीन पर भी गिरा, जहां उस समय कई लोग मौजूद थे। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू किया गया।

नौ लोगों को मलबे से निकाला गया

प्रशासन के अनुसार, अब तक कुल नौ लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला गया है। इनमें दो लोगों को स्थानीय नागरिकों ने बचाया, जबकि सात लोगों को एनडीआरएफ और डीडीएमए की टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान बाहर निकाला। निकाले गए लोगों में से एक की मौत हो चुकी है, जबकि अन्य का उपचार जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m