मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. कोतवाली अयोध्या क्षेत्र में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ दलित नाबालिक बालिका के साथ हुई दुष्कर्म की घटना को लेकर प्रशासनिक व राजनीतिक हलचलों में तेजी आ गई है. पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस ने पहले तो एफआईआर दर्ज करने में देर की. वहीं एफआईआर दर्ज हुई भी तो पीड़ित परिवार के खिलाफ ही मामला पंजीबद्ध कर दिया गया.

​क्या है पूरा मामला?

​कोतवाली अयोध्या क्षेत्र के मोहतसिम नगर (हलालीतारा) की रहने वाली महिला ने पुलिस अधिकारियों को दिए प्रार्थना-पत्र में गंभीर आरोप लगाए थे. घटना की तारीख 1 अगस्त 2026 को तिहरा गांव निवासी प्रेमदास यादव उर्फ ‘जसु’ ने उनकी पुत्री के साथ दुष्कर्म किया.​मौके से भागा आरोपी, मां के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ा था, लेकिन वह हाथापाई के बाद मौके से भाग निकला.​

इसे भी पढ़ें : वृंदावन में साधु की महिलाओं ने की पिटाई, 100 महिलाओं को जाल में फंसाने का आरोप

पुलिस की लापरवाही-पीड़िता की मां ने उसी दिन 112 नंबर पर सूचना दी और 2 अगस्त को थाने में तहरीर दी. इसके बावजूद न तो तत्काल एफआईआर दर्ज हुई, न पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया और न ही महिला पुलिस से बयान दर्ज कराए गए.​पीड़ित परिवार पर ही दर्ज हुआ केस: आरोप है कि विपक्षी पक्ष ने पुलिस से मिलीभगत कर उसी शाम पीड़ित परिवार के खिलाफ ‘चरी काटने/जोतने’ का झूठा मुकदमा दर्ज करवा दिया.​लंबे समय तक न्याय के लिए भटकने के बाद पीड़ित परिवार ने एसपी सिटी से निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की गुहार लगाई थी. अब क्षेत्रीय विधायक के हस्तक्षेप और कड़े रुख के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

इन सबके बीच मामले को लेकर राजनीति भी शुरू हो गई है. बुधवार को भाजपा नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता पीड़िता के गांव मोहतसिम नगर (हलालीतारा) पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय का आश्वासन दिया. इस दौरान उन्होंने पुलिस की एकतरफा कार्रवाई पर कड़ा रोष भी व्यक्त किया. विधायक ने पीड़िता और उनकी मां से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. पुलिस ने पहले पीड़ित पक्ष की एफआईआर दर्ज क्यों नहीं की, इस पर एसएसपी से सवाल किए गए. इसके बाद बीते सोमवार को मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई.

इसे भी पढ़ें : धर्म परिवर्तन से ST दर्जा खत्म नहीं, लेकिन जनजातीय पहचान छोड़ने पर लाभ का दावा नहीं: हाईकोर्ट

मामले को लेकर विधायक ने समाजवादी पार्टी पर तीखा तंज कसा. उन्होंने कहा कि सपा का प्रेम दिखावटी है, सत्ता के लिए वह कुछ भी कर सकती है. विधायक ने कहा “उनका मेन वोटर यादव-मुस्लिम है, उसके खिलाफ चाहे कत्ल भी हो जाए, वो नहीं बोलेंगे. उन्होंने आरोप लगाया कि दुष्कर्म के आरोपी मांझा क्षेत्र के दबंग हैं, जो सपा के लिए बूथ कैप्चरिंग करते हैं, इसलिए सपा का कोई नेता पीड़िता से मिलने नहीं आया. PDA की बात सिर्फ कहना है, करना जातिवाद, परिवारवाद और भ्रष्टाचार है. योगी सरकार महिला सम्मान और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है.