राजधानी दिल्ली में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। साउथ दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके (Amar Colony Area) में मामूली कहासुनी के बाद एक नाबालिग को गोली मारने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, नाबालिग अपने दोस्तों के साथ इलाके की एक चाप की दुकान पर खाना खा रहा था। इसी दौरान कुछ युवक वहां से गुजर रहे थे। बताया जा रहा है कि पीड़ित की कुर्सी आरोपी युवकों से टच हो गई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के बाद आरोपी वहां से चले गए थे, लेकिन कुछ समय बाद वे दोबारा लौटे। आरोप है कि लौटते ही एक युवक ने नाबालिग के माथे पर गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल नाबालिग को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, अमर कॉलोनी इलाके में गोलीबारी की घटना को लेकर मंगलवार शाम 7:54 बजे अमर कॉलोनी थाने में एक PCR कॉल प्राप्त हुई थी। कॉल में इलाके की एक खाने की दुकान पर फायरिंग होने की सूचना दी गई थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, SHO और ACP मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक घायल पीड़ित को मूलचंद अस्पताल (Moolchand Hospital) ले जाया जा चुका था। पुलिस अधिकारियों ने तुरंत अस्पताल पहुंचकर पीड़ित की स्थिति का जायजा लिया, जहां उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर बेहोशी की हालत में पाया गया। घटना के बाद पुलिस टीम आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, घायल युवक की उम्र 17 वर्ष है। उसके पिता छतरपुर एन्क्लेव इलाके में लॉन्ड्री चलाते हैं। पुलिस ने बताया कि घटना के समय किशोर अपने दोस्तों के साथ एक फूड स्टॉल पर खाना खा रहा था। जांच में सामने आया है कि कुछ देर बाद लड़कों का एक समूह वहां से गुजरा, जिनमें से एक युवक का हाथ या शरीर पीड़ित की कुर्सी से टकरा गया। इस पर पीड़ित ने आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

गोली मारने के बाद आरोपी फरार

पुलिस के अनुसार, लड़कों का समूह पहले वहां से चला गया था, लेकिन करीब 4-5 मिनट बाद दोबारा लौट आया। आरोप है कि उनमें से एक युवक ने पीड़ित पर एक राउंड फायर किया और मौके से फरार हो गया। गोली लगने से घायल हुए किशोर को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, बाद में उसे AIIMS ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत गंभीर, लेकिन स्थिर बनी हुई है। दिल्ली पुलिसने मामले में केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटनास्थल के निरीक्षण के लिए क्राइम टीम को भी बुलाया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m