रेवाड़ी। शहर के ऐतिहासिक मोती चौक पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा से चश्मा उतारकर ले जाने की घटना सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। घटना पर वित्त मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता कैप्टन अजय सिंह यादव ने कड़ी आपत्ति जताते हुए इसकी निंदा की है। उन्होंने नगर परिषद से CCTV फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान करने और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

कैप्टन अजय यादव ने कहा कि महात्मा गांधी देश की आजादी और सत्य-अहिंसा के प्रतीक हैं। ऐसे महान राष्ट्रनायक की प्रतिमा से चश्मा उतारकर ले जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि मोती चौक पर स्थापित गांधी प्रतिमा का शहर के इतिहास में विशेष महत्व है और उसकी गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि प्रतिमा से चश्मा गायब होना असामाजिक तत्वों की मानसिकता को दर्शाता है और यह राष्ट्रपिता के प्रति असम्मानजनक कृत्य है। नगर परिषद को मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कर चश्मा उतारकर ले जाने वाले व्यक्ति की पहचान करनी चाहिए।
कैप्टन अजय यादव ने मांग की कि आरोपी की पहचान होने के बाद उसके खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया जाए और नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में देशवासियों का नेतृत्व किया था। उनके अहिंसक संघर्ष और असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से देश को 1947 में आजादी मिली। ऐसे राष्ट्रनायक की प्रतिमा की गरिमा और सम्मान बनाए रखना प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


