निशांत राजपूत, सिवनी। लखनादौन विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक योगेंद्र सिंह बाबा की जान पर आफत तब बन गई जब उनकी कार में अचानक आग लग गई। आग लगते ही कार का सेंट्रल लॉकिंग सिस्टम पेल हो गया और गाड़ी अंदर से लॉक हो गई। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाई और विधायक व उनके साथियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दर्दनाक हादसे में विधायक समेत तीन लोग घायल हुए हैं।
ये भी पढ़ें : इंदौर हनी ट्रैप केस में नया मोड़! वायरल दावों पर सस्पेंस बरकरार, फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार
बंजारी हाई स्कूल के पास हुआ हादसा, जलकर राख हुई कार
मिली जानकारी के अनुसार घटना धूमा थाना क्षेत्र के जबलपुर रोड की है। लखनादौन विधायक योगेंद्र सिंह बाबा अपने साथियों के साथ कार से जा रहे थे। तभी बंजारी हाई स्कूल हर्बल गार्डन के सामने अचानक उनकी चलती कार से लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते पूरी कार आग का गोला बन गई।
देवदूत बनकर आए स्थानीय लोग, खिड़की तोड़कर निकाला बाहर
हादसे के वक्त कार के भीतर खौफनाक स्थिति निर्मित हो गई थी। जैसे ही कार में आग लगी, गाड़ी के दरवाजे अंदर से लॉक हो गए। जिसकी वजह से विधायक और उनके साथी अंदर ही फंस गए और बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं बचा।
चीख-पुकार सुनकर सड़क के आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर दौड़े। ग्रामीणों और राहगीरों ने बिना वक्त गंवाए गाड़ी का शीशा तोड़ा और भारी मशक्कत के बाद विधायक योगेंद्र सिंह और उनके दो साथियों को जलती कार से बाहर खींचा।
ये भी पढ़ें : ATM कार्ड बदलकर 70 साल के बुजुर्ग से ठगी, खाते से पार की रकम, बैंक का मैसेज देखकर ट्रांजेक्शन का चला पता
अस्पताल में चल रहा है इलाज
इस भीषण अग्निकांड में विधायक और उनके दोनों साथी झुलसने और चोट आने के कारण घायल हुए हैं। उन्हें घटना के तुरंत बाद प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। पुलिस अब कार में शॉर्ट सर्किट या आग लगने के तकनीकी कारणों की जांच कर रही है।

