Modi Goverment Minister George Kurian Resign: मोदी सरकार के मंत्री जॉर्ज कुरियन ने इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्वीकार कर लिया है। अल्पसंख्यक मामलों के केंद्रीय राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन ने मंगलवार को अपना इस्तीफा दे दिया है। राष्ट्रपति कार्यालय के मुताबिक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कुरियन का इस्तीफा स्वीकार भी कर लिया है। जॉर्ज कुरियन अल्पसंख्यक मामलों के साथ-साथ मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय में केंद्रीय राज्य मंत्री का पद भी संभाल रहे थे।
दरअसल केंद्रीय राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन का राज्यसभा का कार्यकाल खत्म हो गया है। हाल ही में हुए राज्यसभा चुनावों में बीजेपी ने जॉर्ज कुरियन को फिर से मौका नहीं दिया था। इसकी वजह से उन्हें अपना पद छोड़ना पड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने केंद्रीय मंत्रिपरिषद से जॉर्ज कुरियन का इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है।
जॉर्ज कुरियन केरल बीजेपी के नेता हैं। केंद्र की मोदी सरकार में अकेले ऐसे मंत्री थे जो ईसाई समुदाय से थे। उन्हें राज्य चुनावों के मद्देनजर राज्यसभा में लाया गया था। 21 जून को जॉर्ज कुरियन का कार्यकाल समाप्त हो गया था। लिहाजा उन्होंने मंत्री पद छोड़ने का फैसला लिया और कार्यकाल खत्म होने के दूसरे ही दिन मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया।
21 जून को कार्यकाल समाप्त
अल्पसंख्यक मामलों के पोर्टफोलियो के अलावा, कुरियन मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में भी कार्यरत थे। मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद के रूप में कुरियन का कार्यकाल और उसके बाद अल्पसंख्यक मामलों के साथ-साथ मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी राज्य मंत्री के रूप में उनका कार्यकाल आधिकारिक तौर पर 21 जून, 2026 को समाप्त हो गया।
कौन हैं जॉर्ज कुरियन
जॉर्ज कुरियनका जन्म 20 सितंबर, 1960 को केरल के कोट्टायम जिले की एट्टुमानूर नगरपालिका के नाम्बियाकुलम में हुआ था। उन्होंने अपने गृहनगर में स्कूली शिक्षा पूरी की और उसके बाद लॉ (कानून) में ग्रेजुएशन और पोस्ट-ग्रेजुएशन किया। उन्होंने 9 जून, 2024 को केंद्रीय राज्य मंत्री के तौर पर शपथ ली और 11 जून, 2024 को अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय और मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय का कार्यभार संभाला। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में वकील के तौर पर भी प्रैक्टिस की है। इससे पहले, कुरियन राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष और तत्कालीन केंद्रीय रेल राज्य मंत्री ओ. राजगोपाल के विशेष कार्याधिकारी (OSD) के तौर पर काम कर चुके थे। 65 साल के जॉर्ज कुरियन अगस्त 2024 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली तीसरी केंद्रीय कैबिनेट में राज्य मंत्री (MoS) के तौर पर काम कर रहे थे।
दो केंद्रीय मंत्री का कार्यकाल खत्म हुआ है
मोदी सरकार के दो केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन और रवनीत सिंह बिट्टू का राज्यसभा सदस्य के तौर पर कार्यकाल खत्म हो गया है। कुरियन मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद थे तो रवनीत सिंह बिट्टू राजस्थान से राज्यसभा सदस्य थे। बीजेपी ने अपने इन दोनों नेताओं को राज्यसभा का अतरिक्त कार्यकाल नहीं दिया। जिसके चलते जॉर्ज कुरियन ने मंत्री से इस्तीफा दे दिया है जबकि रवनीत बिट्टू अभी बने हुए हैं।
पीएम मोदी ने मेलोनी को Melody Toffee गिफ्ट दी, खुशी से झूम उठी इटली की प्रधानमंत्री
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

