India vs Sri Lanka Warm up Match: श्रीलंका दौरे पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम ने अपनी तैयारियों को परखने के लिए श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के खिलाफ तीन दिवसीय वॉर्मअप मुकाबला खेला। नॉन्डस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब ग्राउंड पर खेले गए इस अभ्यास मैच का अंत बेहद रोमांचक रहा, जहां टीम इंडिया ने 6 विकेट से जीत दर्ज की।

मुकाबले के तीसरे दिन भारतीय टीम के सामने चौथी पारी में जीत के लिए 207 रनों का लक्ष्य था। दिन का खेल खत्म होने में जब आखिरी ओवर बचा था, तब भारत को जीत के लिए 16 रन की जरूरत थी। क्रीज पर मौजूद तेज गेंदबाज डीएसपी मोहम्मद सिराज ने इस मौके पर अपने बल्ले का दम दिखाया और लगातार तीन छक्के जड़कर टीम इंडिया को रोमांचक जीत दिला दी।

आखिरी ओवर में सिराज का तूफानी अंदाज

श्रीलंका क्रिकेट इलेवन की ओर से आखिरी ओवर स्पिन गेंदबाज केशरा नुवंता ने डाला। सिराज ने पहली ही गेंद पर पैर हटाकर काऊ कॉर्नर के ऊपर से शानदार छक्का जड़ दिया।

दूसरी गेंद ऑफ स्टंप के बाहर फुल लेंथ पर थी, जिसे सिराज ने भी सीधे छक्के के लिए भेज दिया। इसके बाद तीसरी गेंद पर उन्होंने मिडविकेट के ऊपर से एक और छक्का लगाकर भारत की जीत पक्की कर दी।

देखें वायरल VIDEO

भारत के जीतने के बावजूद आखिरी ओवर की बाकी गेंदें भी फेंकी गईं। इसकी वजह यह थी कि मुकाबला अभ्यास मैच था और टीमों को पूरे मैच का अभ्यास देने के लिए ओवर पूरा कराया गया।

15 गेंदों में नाबाद 32 रन

मोहम्मद सिराज ने अपनी इस छोटी लेकिन प्रभावशाली पारी में 15 गेंदों पर नाबाद 32 रन बनाए। उनकी पारी में चार छक्के और एक चौका शामिल रहा। आखिरी ओवर में लगातार तीन छक्कों ने उनकी पारी को यादगार बना दिया और भारतीय टीम को रोमांचक जीत भी दिलाई।

कप्तान शुभमन गिल की वापसी से राहत

इस अभ्यास मैच के आखिरी दिन भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल का बल्लेबाजी के लिए उतरना भी टीम के लिए राहत की खबर रही। गिल उंगली में चोट के कारण मुकाबले के पहले दो दिन मैदान से बाहर रहे थे।

तीसरे दिन गिल ने यशस्वी जायसवाल के साथ पारी की शुरुआत की और 44 रन बनाए। वहीं, पहली पारी में बिना खाता खोले आउट होने वाले यशस्वी जायसवाल ने दूसरी पारी में शानदार वापसी करते हुए 61 रन की पारी खेली।

टेस्ट सीरीज से पहले इस अभ्यास मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों को परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालने का अच्छा मौका मिला। खास तौर पर गिल की बल्लेबाजी में वापसी और सिराज का बल्ले से मैच खत्म करना टीम इंडिया के लिए सकारात्मक संकेत माना जा सकता है।

भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज का कार्यक्रम

पहला टेस्ट: 15 से 19 अगस्त 2026 — गाले इंटरनेशनल स्टेडियम, गाले

दूसरा टेस्ट: 23 से 27 अगस्त 2026 — सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब, कोलंबो

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H