हिसार। हरियाणा में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। मंगलवार को झज्जर में हल्की, जबकि रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में तेज बारिश दर्ज की गई, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। वहीं प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की कमी के कारण उमस और गर्मी का असर बढ़ गया है।

प्रदेश में सामान्य से 20% कम बारिश

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अब तक हरियाणा में सामान्य से 20 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। प्रदेश में इस अवधि तक 118.9 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक केवल 95.3 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई है।

सबसे कम बारिश वाले जिले:

सिरसा: 62% कम
अंबाला: 61% कम
रोहतक: 60% कम

कुल मिलाकर 16 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है।

15 जिलों में गर्मी का यलो अलर्ट

मानसून की कमजोर गतिविधियों के चलते मौसम विभाग ने बुधवार के लिए 15 जिलों में गर्मी का यलो अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में अलर्ट:
सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, रोहतक, सोनीपत, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह (मेवात) और पलवल।

19 जुलाई से फिर सक्रिय होगा मानसून

मौसम विभाग का अनुमान है कि 19 जुलाई से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मानसून के दोबारा सक्रिय होने के साथ प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।