हरियाणा डेस्क। हरियाणा में मानसून अब आफत बनकर बरस रहा है। लगातार तीसरे दिन हुई भारी बारिश ने कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। कहीं पुल धंस गया, कहीं सरकारी अस्पताल की बिल्डिंग का हिस्सा गिर गया, तो कहीं खेतों में काम कर रहे दो लोगों की करंट लगने से मौत हो गई। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक और तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है।

हरियाणा में मानसून की रफ्तार लगातार तेज होती जा रही है। गुरुवार को प्रदेश के 16 जिलों में झमाझम बारिश हुई, जिससे कई जगहों पर बाढ़ जैसे हालात बन गए। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में पूरे प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।


स्कूली बच्चों का वाहन अस्थायी रास्ते पर फंसा रहा
सबसे ज्यादा परेशानी पंचकूला के नाडा साहिब क्षेत्र में देखने को मिली, जहां बरसाती नदी उफान पर आने से गांव गुमथला के स्कूली बच्चों का वाहन अस्थायी रास्ते पर करीब पांच घंटे तक फंसा रहा। प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।


फरीदाबाद में खेड़ी पुल का हिस्सा धंसा
फरीदाबाद में भारी बारिश के चलते खेड़ी पुल का एक हिस्सा धंस गया, जिससे यातायात बाधित हो गया। वहीं सोनीपत के रोहट स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) की गैलरी अचानक भरभराकर गिर गई। गनीमत रही कि हादसे के समय अस्पताल परिसर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।


करनाल में करंट लगने से मौत
करनाल जिले में बारिश के बीच दो दर्दनाक हादसों ने लोगों को झकझोर दिया। असंध के राहड़ा गांव निवासी 63 वर्षीय नंदलाल उर्फ नंदा और ललैन गांव के 20 वर्षीय सौरव की खेतों में ट्यूबवेल के पास करंट लगने से अलग-अलग घटनाओं में मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक दोनों बारिश के दौरान खेतों में काम कर रहे थे।

लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश के कई इलाकों में जलभराव, सड़कें क्षतिग्रस्त होने और बिजली से जुड़े हादसों का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम में सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है।