मुरादाबाद. उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हरिद्वार स्टेट हाईवे स्थित छजलैट क्षेत्र के खलीलपुर अमरू गांव में बनी चांद शाह बाबा की अवैध मजार को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया. प्रशासन के अनुसार, राजस्व विभाग की जांच में 58.40 वर्गमीटर सार्वजनिक भूमि पर अनधिकृत निर्माण की पुष्टि हुई थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई.
राजस्व जांच में मिला सरकारी जमीन पर कब्जा
एसडीएम कांठ स्निग्धा चतुर्वेदी के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पैमाइश की. जांच में पाया गया कि संबंधित भूमि राजस्व अभिलेखों में श्रेणी-6 यानी सार्वजनिक उपयोग के रास्ते के रूप में दर्ज है. इसी भूमि के 58.40 वर्गमीटर हिस्से पर अवैध रूप से मजार का निर्माण किया गया था.
यातायात बाधित होने पर लिया गया फैसला
जिला प्रशासन के मुताबिक, हरिद्वार स्टेट हाईवे पर स्थित इस अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था और यह क्षेत्र दुर्घटना संभावित बन गया था. लोक निर्माण विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण हटाया और सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया.
अन्य धार्मिक स्थलों की भी जांच जारी
प्रशासन ने बताया कि फिलहाल केवल उसी हिस्से को हटाया गया है, जो सरकारी भूमि पर अवैध रूप से बना था. वहीं छजलैट क्षेत्र के चौरा रसूलपुर गांव में ग्राम समाज की भूमि पर बने एक अन्य धार्मिक स्थल की शिकायत भी मिली है. राजस्व विभाग इसकी जांच कर रहा है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें- घबराई हुई है मोदी सरकार…सांसद संजय सिंह ने सोनम वांगचुक को हिरासत में लेकर अस्पताल भेजने का लगाया आरोप, सरकार पर साधा निशाना
पहले भी हुई हैं कई बुलडोजर कार्रवाई
मुरादाबाद प्रशासन इससे पहले भी डिडौरी गांव में तालाब की भूमि पर बनी अवैध मस्जिद, भोजपुर में मंदिर की भूमि पर बनी अवैध मजार, कांठ रोड स्थित हजरत सुल्तान शाह की मजार, बेलवाड़ा गांव की अवैध मस्जिद और टीएमयू के पास तालाब की जमीन पर बनी बाबा फौलाद शाह की मजार पर कार्रवाई कर चुका है. प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.

