कर्ण मिश्रा, ग्वालियर/मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में पुलिस को एक बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे से ठीक पहले पुलिस ने 80 हजार रुपये के इनामी कुख्यात डकैत कल्ली गुर्जर को एक रोमांचक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। बानमोर थाना क्षेत्र के जंगलों में हुई इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस और बदमाश के बीच जमकर ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हुए बदमाश कल्ली को इलाज के लिए मुरैना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उसके अन्य फरार साथियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

ये भी पढ़ें: 16 साल से पुलिस को चकमा दे रहा स्थाई वारंटी गिरफ्तार: शाहनगर के खतरा गांव से रीठी पुलिस ने ऐसे दबोचा, कई मामले हैं दर्ज

जंगल में पुलिस और बदमाश के बीच हुई ताबड़तोड़ फायरिंग

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुरैना पुलिस को मुखबिर के जरिए पुख्ता सूचना मिली थी कि बानमोर थाना क्षेत्र के जंगलों में एक खतरनाक संदिग्ध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही एसपी धर्मराज मीणा ने तुरंत एक्शन लेते हुए अलग-अलग थानों की पुलिस टीमों को मौके के लिए रवाना किया। जब पुलिस ने जंगल में घेराबंदी की, तो उनका आमना-सामना कुख्यात डकैत कल्ली गुर्जर से हो गया। खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, कल्ली गुर्जर ने पुलिस दल पर करीब 20 राउंड गोलियां चलाईं। इसके जवाब में आत्मरक्षार्थ पुलिस ने भी सूझबूझ दिखाते हुए आधा दर्जन राउंड फायर किए। इस शॉर्ट एनकाउंटर के बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे दबोच लिया।

मुरैना, ग्वालियर और श्योपुर में दर्ज हैं कई गंभीर मामले

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार किए गए इनामी डकैत कल्ली गुर्जर के खिलाफ मुरैना, ग्वालियर और श्योपुर जिलों में हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और अपहरण जैसी गंभीर धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं। यह बदमाश अक्सर सोशल मीडिया पर वीडियो जारी करके आम लोगों और कारोबारियों को धमकियां देने के कारण भी काफी चर्चा में रहा है। मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से घायल हुए कल्ली को कड़ी सुरक्षा के बीच मुरैना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका उपचार जारी है।

ये भी पढ़ें: ‘महाराज श्री का अपमान नहीं सहेंगे’… पुतला दहन के विरोध में लामबंद हुए बागेश्वर धाम के भक्त; FIR की मांग

सीएम दौरे से पहले पुलिस की बड़ी कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान कल्ली के कुछ अन्य साथी मौके का फायदा उठाकर जंगलों में फरार होने में कामयाब हो गए। पुलिस उनकी सरगर्मी से तलाश कर रही है। अब अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद पुलिस कल्ली से कड़ाई से पूछताछ करेगी, जिससे उसके पूरे आपराधिक नेटवर्क, अवैध हथियारों के स्रोतों और अन्य वारदातों का खुलासा हो सके। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री का कल मुरैना दौरा प्रस्तावित है, ऐसे में वीवीआईपी दौरे से ठीक पहले अपराधियों के खिलाफ हुई इस बड़ी कार्रवाई को पुलिस की एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m