अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां करगहर थाना क्षेत्र के डुमरा गांव में एक महिला ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। महिला के खुदकुशी करने की जानकारी होते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। मृतका का ससुराल कैमूर जिला के भगवानपुर थाना क्षेत्र के पररी था। हालांकि बीते कई साल से वह अपने बच्चों के साथ मायके में ही रह रही थी।
पारिवारिक कलह से तंग आकर खुदकुशी
मृतक महिला की पहचान रामुन पासवान की पत्नी पूनम देवी के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार पारिवारिक कलह से तंग आकर पूनम देवी ने यह खौफनाक कदम उठाया है। इसके साथ दो मासूम बच्चों के सिर से उनकी मां का साया हमेशा के लिए उठ गया। घटना को लेकर बताया जाता है कि पूनम देवी ने खुद को कमरे में बंद कर लिया।
फंदे के सहारे लटका मिला शव
जब काफी देर तक कमरे से किसी प्रकार की कोई हलचल नहीं हुई तो परिजनों ने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आने पर किसी अनहोनी की आशंका को लेकर परिजनों ने शोर मचाया। शोर सुनकर पहुंचे स्थानयी लोगों ने कमरे का दरवाजा तोड़ा तो अंदर का नजारा देख सभी के होश उड़ गए। पूनम देवी कमरे के अंदर फंदे के सहारे झूल रही थी।
छानबीन में जुटी पुलिस
परिजनों ने आनन-फानन में उसे नीचे उतारा और तुरंत अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने पूनम देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस अपने स्तर पर मामले की छानबीन कर रही है। वहीं, परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल है।
ये भी पढ़ें- मोतिहारी: नेपाल बॉर्डर से यूक्रेन महिला गिरफ्तार, बिना वैध दस्तावेज नेपाल भागने की कोशिश हुई नाकाम

