दक्षिण दिल्ली के पॉश इलाके माउंट कैलाश में घरेलू सहायिका की हत्या के मामले में नया खुलासा सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, 50 वर्षीय डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. मनीष गुप्ता पर अपनी मेड की हत्या करने का आरोप है। जांच में सामने आया है कि आरोपी डॉक्टर को कथित तौर पर शक था कि घरेलू सहायिका घर में नकारात्मक ऊर्जा (नेगेटिव एनर्जी) ला रही थी। इसी वजह से उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, गुरुवार को माउंट कैलाश स्थित अपने अपार्टमेंट में डॉ. मनीष गुप्ता ने कथित तौर पर घरेलू सहायिका मीना पर बैट से हमला किया और किसी नुकीली चीज से वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी डॉक्टर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस हत्या के पीछे की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

पूछताछ के दौरान आरोपी डॉ. मनीष गुप्ता ने कथित तौर पर बताया कि वह मीना को अपने घर से काम से हटाना चाहते थे, लेकिन परिवार के अन्य सदस्यों ने उनकी बात नहीं मानी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के हवाले से बताया गया कि डॉक्टर ने पूछताछ में कहा कि मीना को हटाने की बात नहीं माने जाने से वह परेशान थे और उन्हें इस बात का बुरा लगा कि उनकी इच्छा को नजरअंदाज किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी डॉक्टर को यह भी शक था कि मीना घर में नकारात्मक ऊर्जा (नेगेटिव एनर्जी) ला रही हैं। कथित तौर पर उन्हें लगता था कि इसका असर उनके बेटे की पढ़ाई पर पड़ रहा है।

छत पर किया हमला

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी डॉ. मनीष गुप्ता इस बात से परेशान थे कि परिवार में कोई उनकी बात नहीं सुन रहा था। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, मीना को लेकर परिवार में पहले भी बहस हो चुकी थी। डॉक्टर कथित तौर पर उसे घर के काम से हटाना चाहते थे, लेकिन परिवार के अन्य सदस्यों ने इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर वह नाराज थे। पुलिस के मुताबिक, जब गुरुवार को मीना घर की छत पर कपड़े सुखाने गईं, उसी दौरान डॉक्टर ने उन पर हमला कर दिया।

 जांच अधिकारियों का कहना है कि डॉ. मनीष गुप्ता ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। घटना वाले दिन डॉ. मनीष गुप्ता की पत्नी डॉ. टीना गुप्ता सुबह करीब 10:15 बजे काम पर चली गई थीं। उस समय डॉक्टर और उनका बेटा घर पर ही थे। पुलिस के अनुसार, मीना सुबह करीब 10:30 से 10:45 बजे के बीच डॉक्टर के घर पहुंचीं। उन्होंने रोज की तरह कपड़े धोए और उन्हें सुखाने के लिए छत पर चली गईं। इसके बाद उनके साथ वारदात हुई।

पड़ोसी ने PCR को किया कॉल

पुलिस के अनुसार, डॉ. गुप्ता ने सुबह करीब 11:15 से 11:30 बजे के बीच मीना पर हमला किया। आरोप है कि पहले उन्होंने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिसके बाद पीड़िता जमीन पर गिर गईं। इसके बाद आरोपी वहां से नीचे गया और कथित तौर पर हमले में इस्तेमाल किए गए हथियार को सीढ़ियों के पास छोड़ दिया। घटना के बाद, पड़ोसी बिल्डिंग में रहने वाले एक व्यक्ति ने महिला को छत पर खून से लथपथ हालत में देखा और तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम (PCR) को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से खून से सने हथियार भी बरामद किए गए हैं।

दक्षिण दिल्ली के माउंट कैलाश और ईस्ट ऑफ कैलाश से सटे प्रकाश मोहल्ला इलाके में घरेलू सहायिका मीना हलदर की हत्या के बाद उनके परिवार में शोक का माहौल है। मीना के परिवार में उनके पति, बेटा रॉबिन और बहू सप्तमी शामिल हैं। नेहरू प्लेस की एक दुकान में काम करने वाले बेटे रॉबिन ने बताया कि उनकी मां ने लंबे समय तक कड़ी मेहनत कर परिवार को संभाला था। उन्होंने कहा कि जब वह छोटे थे, तब उनकी मां ने सालों तक घर चलाने के लिए लगातार काम किया।

रॉबिन के अनुसार, मीना कभी छुट्टी नहीं लेती थीं और हमेशा समय पर काम पर पहुंचती थीं। उन्होंने बताया कि उनकी मां गुप्ता परिवार के घर में काम करती थीं और उनके प्रति हमेशा सम्मानजनक रवैया रखती थीं। उन्होंने कहा कि मीना हमेशा उस परिवार की तारीफ करती थीं और कई सालों से उसी घर में काम कर रही थीं। रॉबिन ने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी घटना क्यों हुई, क्योंकि उनकी मां और परिवार के बीच किसी तरह की शिकायत या विवाद की जानकारी उन्हें नहीं थी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m