इमरान खान, खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में बारिश ने सरकारी स्कूलों की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। कई स्कूलों में बारिश का पानी कक्षाओं तक पहुंच गया, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। हालात ऐसे हैं कि स्कूल परिसर तालाब में तब्दील हो गए और छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
खंडवा जिले में बीते दिनों से लगातार तेज बारिश हो रही हैं। हालांकि खंडवा शहर में बीते 24 घंटे से बारिश नहीं हुई है। इसके बावजूद घासपुरा स्थित सर सैयद अब्बास तैय्यब, महाराणा प्रताप और ठक्कर बप्पा स्कूलों में दो फीट तक पानी भर गया। स्कूल परिसर पूरी तरह जलमग्न हो गया और कई घंटों तक पानी निकासी की व्यवस्था नहीं हो सकी है। हालात इतने खराब हैं कि स्कूलों के स्कूल तक पहुंचना मुश्किल हो रहा है। छात्रों और शिक्षकों को पानी के बीच होकर निकलना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बारिश में यही स्थिति बनती है, लेकिन जिम्मेदार विभाग स्थायी समाधान नहीं कर पा रहा है।
ये भी पढ़ें: विचारपुर आवासीय विद्यालय में 15 से ज्यादा बच्चे बीमार, चौकीदार ने पहुंचाया अस्पताल, इलाज जारी
कई स्कूलों की छतों से भी पानी टपकने की शिकायत सामने आई है। मरम्मत के बावजूद भवनों की स्थिति में सुधार नहीं हुआ। बारिश के दौरान बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। जिला शिक्षा विभाग का कहना है कि इंजीनियरों की टीम स्कूलों का निरीक्षण कर रही है। जिन स्कूलों में जलभराव और भवन संबंधी समस्याएं मिली हैं, उनकी रिपोर्ट तैयार कर नगर निगम और संबंधित विभागों को भेजी जाएगी ताकि जल्द समाधान किया जा सके।
ये भी पढ़ें: स्कूल चलें हम के दावों की खुली पोल: शहडोल में सामुदायिक भवन और रंगमंच में गैस सिलेंडर, खुले कुएं के साए में पढ़ने को मजबूर देश का भविष्य
इधर, घासपुरा क्षेत्र के पार्षद प्रतिनिधि बिलाल पेंटर ने कहा कि स्कूल कैंपस में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम को लेकर काम चल रहा था। लेकिन इस बीच बारिश हो गई। निकासी की व्यवस्था के लिए प्रयास कर रहे हैं। बारिश के शुरुआती दौर में ही सरकारी स्कूलों की बदहाल व्यवस्था सामने आने के बाद अब सवाल यह है कि आखिर बच्चों की सुरक्षा और बेहतर शिक्षा का दावा करने वाला तंत्र इन समस्याओं का स्थायी समाधान कब करेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

