हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश की राजनीति में गुरुवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की खबर के बाद इंदौर स्थित जीतू पटवारी के निवास पर कांग्रेस नेताओं का जमावड़ा लग गया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने भी नाना पटवारी को हिरासत में लिए जाने की पुष्टि की है।
हिरासत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता जीतू पटवारी के घर पहुंचे। इस दौरान सामने आए वीडियो और तस्वीरों में कई नेता आपस में हंसी-मजाक और हल्की-फुल्की बातचीत करते दिखाई दिए। सोशल मीडिया पर इन्हीं तस्वीरों और वीडियो को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं कि जब पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष का भाई पुलिस हिरासत में है, तब नेताओं का यह अंदाज कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे रहा है।
बताया जा रहा है कि नाना पटवारी का नाम पहले से चल रही जांच में सामने आया था। पुलिस को मिले साक्ष्यों के आधार पर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हालांकि पुलिस की ओर से अब तक हिरासत के कारणों और आगे की कार्रवाई को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
इधर, जीतू पटवारी के घर पर लगातार नेताओं और समर्थकों की आवाजाही बनी हुई है। पूरे घटनाक्रम पर कांग्रेस की नजर है, जबकि राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। मामले में पुलिस की अगली कार्रवाई और आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

