आशुतोष द्विवेदी, रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले से एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। जिसके बाद पूरे शहर में आक्रोश का माहौल है। पीड़िता को इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को लगाया गया है।
यह पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना इलाके में एक नाबालिग बच्ची के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म की घटना हुई। परिजनों ने बच्ची को तत्काल संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि बच्ची की हालत स्थिर है और उसे आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
ये भी पढ़ें: पहले रेप अटेम्प्ट का आरोप, अब आरोपी को बताया भाई! डिप्टी सीएम के पूर्व PA पर आरोप लगाने वाली महिला का यू-टर्न
आरोपी को पकड़ने विशेष टीम गठित
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण कायम कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें: दमोह में कांग्रेस नेता गिरफ्तार! महिला ने लगाया दुष्कर्म का सनसनीखेज आरोप, FIR दर्ज कर जांच शुरू
लोगों में आक्रोश
घटना के बाद शहर में लोगों के बीच नाराजगी देखी जा रही है। सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के साथ ही कठोर कार्रवाई की मांग की है। वहीं एडिशनल एसपी आरती सिंह का कहना है कि जांच के सभी पहलुओं पर गंभीरता से काम किया जा रहा है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पीड़ित बच्ची का इलाज जारी है और पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। इस संवेदनशील मामले पर प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

