आशुतोष द्विवेदी, रीवा। रीवा में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के पूर्व पीए राजीव तिवारी से जुड़े मामले में अब एक नया और चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। जिन गंभीर आरोपों को लेकर पिछले दिनों राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में चर्चा तेज थी, उसी मामले में आरोप लगाने वाली महिला का नया वीडियो वायरल होने के बाद पूरे घटनाक्रम ने नया रूप ले लिया है। महिला अब अपने पहले दिए गए बयानों से अलग बात करती नजर आ रही है, जिससे मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले महिला ने यू ट्यूबरों के सामने भावुक होते हुए तत्कालीन पीए राजीव तिवारी पर गंभीर आरोप लगाए थे। महिला ने दावा किया था कि उसके पास बातचीत से जुड़ी कॉल रिकॉर्डिंग समेत कई अहम साक्ष्य मौजूद हैं। आरोपों के बाद मामला काफी चर्चा में रहा और विभिन्न स्तरों पर इसकी जांच की मांग उठी थी। अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक नए वीडियो में वही महिला अपने पुराने आरोपों से हटती दिखाई दे रही है।

ये भी पढ़ें: सतना सेंट्रल जेल में गांजे की ‘डील’ का ऑडियो वायरल, ASI राजेंद्र चौधरी सस्पेंड, सुरक्षा पर उठे सवाल

आरोपों से पलट गई महिला

वीडियो में महिला कह रही है कि उसे अनावश्यक रूप से इस विवाद में शामिल किया गया और उसके नाम का गलत तरीके से इस्तेमाल किया गया। महिला ने स्वयं को निर्दोष बताते हुए पहले लगाए गए आरोपों को लेकर अलग रुख अपनाया है। महिला के इस अचानक बदले हुए बयान के बाद पूरे मामले ने नया राजनीतिक और सामाजिक रंग ले लिया है। क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और लोग यह जानना चाहते हैं कि आखिर सच्चाई क्या है।

बयान ने उलझाया, अब जांच के बाद होगी कार्रवाई!

वहीं, पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल जारी है। फिलहाल महिला के बदले हुए बयान ने मामले को और उलझा दिया है। अब सभी की नजर जांच एजेंसियों पर टिकी है, जिनकी रिपोर्ट के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी। नगर पुलिस अधीक्षक रितु उपाध्याय ने बताया कि फरियादिया की शिकायत पर फरियादिया के कथन अनुरूप अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें: SECL के चार अधिकारियों को जेल: CBI की विशेष कोर्ट ने सुनाई चार-चार साल की सजा, जानें क्या है मामला

नगर पुलिस अधीक्षक रितु उपाध्याय

क्या है मामला ?

गौरतलब है कि बीते दिनों सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो वायरल हुआ था। जिसमें एक महिला ने डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल के पूर्व पीए राजीव तिवारी पर गंभीर आरोप लगाए थे। महिला का दावा था कि उसे एक होटल में रुकवाया गया था। जहां उसके साथ राजीव तिवारी ने गलत हरकत करने की कोशिश की। लेकिन इस पूरे मामले में अब नया मोड़ आ गया है। महिला का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह राजीव तिवारी को अपना भाई बता रही है! उसका कहना है कि वह अपनी शिकायत वापस ले ली है और इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं चाहती, साथ ही वायरल ऑडियो का भी खंडन किया है।

किसके दबाव में शिकायत ली वापस ?

पहले गंभीर आरोप, इसके बाद वायरल ऑडियो और फिर शिकायतकर्ता महिला अपने बयान से पलट गई। इस पूरे घटनाक्रम ने कई सवाल खड़े कर दिये है। क्या आरोप सही थे ? या किसी दबाव में शिकायत वापस ली गई ? फिलहाल सच क्या है ? इसका जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m