अजयारविंद नामदेव, शहडोल। जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर लगाम कसने के लिए विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 और वित्तीय वर्ष 2026-27 (14 जुलाई 2026 तक) कुल 324 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में 1 करोड़ 26 लाख 75 हजार 20 रुपये से ज्यादा की अर्थदंड राशि जमा कराई गई है। यह कार्रवाई जिले में अवैध खनन के खिलाफ विभाग की सक्रियता को दर्शाती है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में खनिज विभाग ने 229 प्रकरण दर्ज किए। इस दौरान 33,830.8 घनमीटर विभिन्न खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के मामलों में कार्रवाई की गई। इन मामलों में 81 लाख 56 हजार 597 रुपये का अर्थदंड वसूला गया। सबसे अधिक 178 प्रकरण रेत के अवैध परिवहन एवं उत्खनन से जुड़े रहे, जबकि पत्थर/बोल्डर, मिट्टी, मुरुम, गिट्टी और कोयले के मामलों में भी कार्रवाई की गई।
ये भी पढ़ें: शहडोल SECL खदान हादसा: वादों से मुकरा ठेकेदार, न्याय के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचे पीड़ित
वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 में 14 जुलाई 2026 तक विभाग ने 95 प्रकरण दर्ज किए हैं। इन मामलों में 3,036.249 घनमीटर खनिज जब्त किए गए और 45 लाख 18 हजार 423 रुपये की अर्थदंड राशि जमा कराई गई। इस अवधि में भी 67 प्रकरण रेत से संबंधित रहे, जबकि मिट्टी, मुरुम, गिट्टी, पत्थर और कोयले के अवैध परिवहन एवं भंडारण पर भी कार्रवाई की गई।
ये भी पढ़ें: रंगदारी नहीं मिली तो डंपर चालक से मारपीट, कांच तोड़े; तीन आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार
शहडोल खनिज अधिकारी राहुल शांडिल्य कहना है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा,विभागीय अमला नियमित रूप से निरीक्षण कर रहा है और शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों की अवैध लूट किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार प्रकरण दर्ज कर अर्थदंड की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

