संजय पाटीदार, भोपाल। MP UCC: मध्यप्रदेश में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) को लागू करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए बनाई गई जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई की कमेटी की पहली बैठक हुई। बैठक में प्रदेश की सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराओं पर चर्चा की गई। खासकर आदिवासी समाज की परंपराओं और नियमों को समझने पर जोर दिया गया। अब कमेटी प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में जाकर लोगों से बातचीत करेगी और उनकी राय लेगी।
एमपी में यूसीसी लागू करने 6 सदस्यीय कमेटी की पहली बैठक हुई
एमपी में यूसीसी लागू करने के लिए बनाई गई 6 सदस्यीय कमेटी की पहली बैठक मंगलवार को दिल्ली स्थित मध्यप्रदेश भवन में हुई। बैठक की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश रंजना प्रकाश देसाई ने की। बैठक में उत्तराखंड और गुजरात में लागू यूसीसी मॉडल का अध्ययन किया गया। साथ ही मध्यप्रदेश की सामाजिक और सांस्कृतिक परिस्थितियों पर चर्चा हुई।
जनसुनवाई और परामर्श बैठकें होगी
कमेटी खास तौर पर आदिवासी समाज की परंपराओं, रीति-रिवाजों और उनसे जुड़े कानूनों का अध्ययन करेगी, ताकि प्रदेश की परिस्थितियों के अनुसार मसौदा तैयार किया जा सके। कमेटी जल्द ही प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में जनसुनवाई और परामर्श बैठकें शुरू करेगी। लोगों की राय लेकर यूसीसी का ड्राफ्ट तैयार किया जाएगा। बताया जा रहा है कि मई के अंत तक यह प्रक्रिया शुरू हो सकती है।
कमेटी के लिए दिल्ली में मध्यप्रदेश भवन और भोपाल में वल्लभ भवन में कार्यालय बनाए जाएंगे। बैठक में पूर्व आईएएस शत्रुघ्न सिंह, उत्तराखंड के पूर्व मुख्य सचिव अनूप नायर और वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल कृष्ण शर्मा मौजूद रहे।

