कुंदन कुमार, पटना। राजद के सभी पदों से इस्तीफा देने वाले पार्टी प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने आज शुक्रवार को पार्टी के महासचिव और दिग्गज नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी से मुलाकात की। मुलाकात के बाद अब्दुल बारी सिद्दीकी ने कहा कि, मृत्युंजय तिवारी राजद के निष्ठावान कार्यकर्ता रहे हैं, उनसे हमने आग्रह किया है कि आप पार्टी से इस्तीफा मत दीजिए।

हमने आग्रह किया है कि आपको (मृत्युंजय तिवारी) यदि किसी तरीके की तकलीफ है, तो आप पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद और श्रीमती राबड़ी देवी से बात कीजिए। उन्होंने भी इस पर अपनी सहमति व्यक्त की है।

लालू ने फोन कर मिलने बुलाया

वहीं, एक खबर यह भी सामने आई है कि लालू यादव ने खुद मृत्युंजय तिवारी को फोन कर उन्हें अपने आवास पर मिलने के लिए बुलाया है। दरअसल राजद नहीं चाहती है कि वह पार्टी छोड़कर कहीं और जाए। इसे लेकर ही राजद सुप्रीमो ने उन्हें मिलने के लिए बुलाया है। लेकिन मृत्युंजय तिवारी अभी तक उनसे मिलने के लिए नहीं पहुंचे हैं। हालांकि उन्होंने अब्दुल बारी सिद्दीकी से जरूर मुलाकात की है। उम्मीद है कि जल्द ही वह राजद सुप्रीमो से भी मुलाकात कर सकते हैं।

अपमानित होकर नहीं कर सकता राजनीति- मृत्युंजय तिवारी

मृत्युंजय तिवारी ने एक वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा था कि, कुछ लोगों ने पिछले 7-8 महीने से लगातार उन्हें अपमानित करने का काम किया। हमने पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं से इस बारे में बात की। सब लोगों ने आश्वासन दिया। हमने तेजस्वी यादव से भी कहा। तेजस्वी यादव भी कोई संज्ञान नहीं लिए। कुछ लोग पार्टी में खुदको इतना बड़ा समझ रहे हैं कि उनके आगे तेजस्वी यादव की भी नहीं चल रही। हमारे जैसे निष्ठावान समर्पित कार्यकर्ता के लिए राजद से त्यागपत्र देने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा था। अपमानित होकर कोई राजनीति नहीं कर सकता।

शक्ति सिंह से विवाद की खबर

अब ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर राजद में वह कौन से ऐसे लोग हैं, जो मृत्युंजय तिवारी को परेशान या अपमानित कर रहे थे। उससे भी बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब उन्होंने इस बात की शिकायत बड़े नेताओं और यहां तक की तेजस्वी यादव से की तो इस पर कोई एक्शन क्यों नहीं लिया गया? सूत्रों के मुताबिक मृत्युंजय तिवारी का तेजस्वी के खास और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव के साथ विवाद चल रहा है।

भाजपा में हो सकते हैं शामिल

मृत्युंजय तिवारी से जुड़ी एक खबर यह भी निकलकर सामने आई है कि वह जल्द ही बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। लंबे समय से वह पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के संपर्क हैं। इसे लेकर दिल्ली के शीर्ष नेताओं तक से बात हो चुकी है।

ये भी पढ़ें- ‘PK हो या कोई और…’, बांकीपुर उपचुनाव पर डिप्टी CM का बड़ा बयान, तेजस्वी को भी लपेटा