प्रतीक शर्मा, लोरमी। लोरमी में पुलिस ने चोरी की तीन वारदातों का 24 घंटे के भीतर खुलासा किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिलें और अन्य सामान बरामद किया गया है। तीनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, लोरमी के डोंगरीपारा में रहने वाले विक्की साहू और इरफान बेग के घर के बाहर खड़ी दो मोटरसाइकिलें चोरी हो गई थीं। वहीं बाजारपारा स्थित एक किराना दुकान में भी अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। लगातार हुई इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी भोजराम पटेल ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

‘त्रिनयन ऐप’ से संदिग्धों तक पहुंची पुलिस
एएसपी डॉ. प्रशांत शुक्ला और उप पुलिस अधीक्षक माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश वैष्णव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने इलाके में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके लिए छत्तीसगढ़ पुलिस के विशेष ‘त्रिनयन ऐप’ की भी मदद ली गई।

जांच के दौरान पुलिस को कबाड़ी का सामान बेचने वाले संदिग्ध युवक मोहम्मद रफीक की गतिविधियां नजर आईं। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में रफीक ने अपने साथी धनीराम मार्को के साथ मिलकर मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की।
किराना दुकान में चोरी का आरोपी भी पकड़ा

बाजारपारा की किराना दुकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर अमर देवार को चिन्हांकित किया। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई मोटरसाइकिलें और अन्य सामान बरामद कर लिया। इसके बाद मोहम्मद रफीक, धनीराम मार्को और अमर देवार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


