रोहित कश्यप, मुंगेली। पुलिस परिवार के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को नई दिशा देने के उद्देश्य से मुंगेली पुलिस द्वारा एक सराहनीय और प्रेरणादायक पहल की गई। पुलिस परिवार कल्याण योजना के अंतर्गत जिले के 23 छात्र-छात्राओं को रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान बच्चों को न सिर्फ हवाई अड्डे की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया, बल्कि उन्हें उड्डयन और रक्षा क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित भी किया गया।

narayana

बता दें कि यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें बच्चों को करियर मार्गदर्शन देने पर विशेष फोकस रखा गया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था, विमान संचालन, तकनीकी व्यवस्थाओं और विभिन्न प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई, जिससे वे इस क्षेत्र की वास्तविक कार्यप्रणाली को समझ सके।

कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि बच्चों को भारतीय वायु सेना के फाइटर पायलट विंग कमांडर विवेक कुमार साहू सहित अन्य अधिकारियों से सीधे संवाद का अवसर मिला। इस दौरान छात्रों ने पायलट बनने की प्रक्रिया, आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, शारीरिक मापदंड और मेडिकल मानकों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने बच्चों को अपने अनुभव साझा करते हुए इस क्षेत्र में आने वाली चुनौतियों और अवसरों के बारे में भी विस्तार से बताया।

इसके साथ ही विद्यार्थियों को प्रशिक्षण विमान का अवलोकन कराया गया, जहां उन्होंने कॉकपिट के अंदर मौजूद उपकरणों और नियंत्रण प्रणाली को करीब से देखा। यह अनुभव बच्चों के लिए बेहद रोमांचक और ज्ञानवर्धक रहा। कई छात्रों ने इस दौरान पहली बार इतने करीब से विमान को देखा और समझा, जिससे उनके भीतर पायलट बनने की इच्छा और भी प्रबल हुई।

इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान बच्चों को भारतीय वायु सेना के साथ-साथ थल सेना, नौसेना, तटरक्षक बल (कोस्ट गार्ड), नागरिक उड्डयन और CISF जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध करियर विकल्पों की भी जानकारी दी गई। इससे उन्हें अपने भविष्य के लिए व्यापक दृष्टिकोण विकसित करने में मदद मिली।

मुंगेली पुलिस द्वारा की गई यह पहल न केवल बच्चों के लिए प्रेरणादायक रही, बल्कि उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने और उन्हें बड़े सपने देखने के लिए प्रोत्साहित करने में भी अहम साबित हुई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि पुलिस परिवार के बच्चों को बेहतर मार्गदर्शन और अवसर मिल सकें।

यह पहल यह साबित करती है कि सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर छोटे शहरों के बच्चे भी बड़े सपने देख सकते हैं और उन्हें साकार करने की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H