मुजफ्फरनगर. उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से सामाजिक बहिष्कार का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. छपार थाना क्षेत्र के खुड्डा खानपुर गांव में एक गरीब दलित परिवार ने आरोप लगाया है कि रविदास मंदिर के लिए 100 रुपये मासिक चंदा नहीं देने पर पंचायत ने उसका सामाजिक बहिष्कार कर दिया. परिवार का दावा है कि गांव में उनका हुक्का-पानी बंद कर दिया गया और मदद करने या साथ देने वाले व्यक्ति पर 500 रुपये जुर्माना लगाने का फरमान सुनाया गया.

इसे भी पढ़ें- ये किसी वरदान से कम नहीं! कार्डियो और स्ट्रोक के मरीजों के लिए विशेषज्ञ चिकित्सक सिविल अस्पताल में OPD शुरू, सुपर स्पेशयलिटी डॉक्टर देंगे सेवा

बेटे को ब्लड कैंसर, इलाज में खर्च हो रहा पैसा

पीड़ित परिवार के मुताबिक, गांव में रविदास मंदिर है, जहां हर महीने प्रत्येक व्यक्ति से 100 रुपये चंदा लिया जाता है. परिवार के एक बेटे को ब्लड कैंसर है और उसका इलाज चंडीगढ़ में चल रहा है. बीमारी के इलाज में बड़ी रकम खर्च होने के कारण परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है. इसी वजह से वह मंदिर का चंदा नहीं दे सका.

पंचायत में बहिष्कार का फरमान सुनाने का आरोप

परिवार का आरोप है कि चंदा नहीं देने के बाद गांव के कुछ लोगों ने मंदिर में पंचायत बुलाई. पंचायत में परिवार का सामाजिक बहिष्कार करने और उसका हुक्का-पानी बंद करने का निर्णय लिया गया. पीड़ितों का दावा है कि इसके बाद ग्रामीणों ने उनसे बातचीत, दुकानों से सामान देने और सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होने से दूरी बना ली.

पुलिस से मदद नहीं मिलने का भी दावा

पीड़ित परिवार का कहना है कि पिछले करीब एक महीने से वह सामाजिक और मानसिक परेशानी झेल रहा है. परिवार ने पुलिस से भी शिकायत कर मदद मांगी, लेकिन आरोप है कि वहां से भी अपेक्षित सहायता नहीं मिली. इसके बाद परिवार अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगा रहा है और न्याय की गुहार कर रहा है.

इसे भी पढ़ें- सुल्तानपुर मेडिकल कॉलेज में नवजात की मौत पर HC सख्त, पूछा- नए कॉलेज में जरूरी सुविधाएं क्यों नहीं?

मंदिर से जुड़े लोगों ने पंचायत के फैसले की बात मानी

परिवार में चार बच्चे हैं. पीड़ितों का कहना है कि सामाजिक बहिष्कार के कारण उन्हें मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. वहीं, गांव के कुछ लोगों और मंदिर से जुड़े व्यक्तियों से बातचीत में चंदा नहीं देने को पंचायत के फैसले की वजह बताया गया. अब पीड़ित परिवार प्रशासन से मामले की जांच कर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग कर रहा है.