हेमंत शर्मा, इंदौर। शहर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल महाराजा यशवंतराव (MYH) के फार्मासिस्ट राकेश गोरखे पर आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) का शिकंजा पूरी तरह कस गया है। आय से अधिक संपत्ति के मामले में जारी जांच में फार्मासिस्ट के पास करीब 10 करोड़ रुपये की बेनामी और अकूत संपत्ति का खुलासा हुआ है।
पॉश कॉलोनियों में प्लॉट और आलीशान मकान
EOW द्वारा की गई शुरुआती जांच और छानबीन में आरोपी फार्मासिस्ट की कई कीमती संपत्तियों का पता चला है। शहर की पॉश कॉलोनियों में 6 कीमती प्लॉट और वृंदावन गार्डन में स्थित एक आलीशान मकान मिला है। प्राथमिक जांच के अनुसार, फार्मासिस्ट पर सरकारी दवाओं के स्टॉक में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी और भ्रष्टाचार कर अवैध कमाई करने का गंभीर आरोप है।
MP Weather Update: एमपी में सूखे की मार, 49 जिलों में औसत से कम बारिश
बैंक खातों से लेकर रिश्तेदारों की भूमिका तक जांच
EOW अब आरोपी के वित्तीय लेन-देन, बैंक खातों और विभिन्न जगहों पर किए गए निवेश की गहनता से पड़ताल कर रही है। इसके साथ ही, काली कमाई को ठिकाने लगाने में मदद करने वाले करीबी रिश्तेदारों और सहयोगियों की भूमिका को भी जांच के दायरे में लिया गया है। आरोपी द्वारा खरीदी गई कई संपत्तियों की जानकारी विभाग को नहीं देने (छिपाने) का भी मामला सामने आया है।
बिना अनुमति थाईलैंड यात्रा EOW के निशाने पर
मामले में एक नया मोड़ तब आया जब आरोपी की विदेशी यात्राएं जांच एजेंसियों की रडार पर आईं। अक्टूबर 2023 में की गई उनकी थाईलैंड यात्रा को लेकर EOW विशेष रूप से जांच कर रही है। आरोप है कि फार्मासिस्ट ने इस विदेश यात्रा के लिए अनिवार्य विभागीय अनुमति (Departmental Permission) नहीं ली थी। फिलहाल EOW की टीम निवेश और संपत्तियों के वास्तविक स्रोतों को खंगालने में जुटी हुई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में कई और चौंकाने वाले बड़े खुलासे हो सकते हैं।
NEET में नहीं मिली MBBS सीट, हार नहीं मानी: 21 साल की शुभांगी ने एक साथ क्रैक कीं 5 सरकारी नौकरियां

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


